मंगलवार, 1 फ़रवरी 2011

कहानी





ब्रह्मफाँस

-बद्री सिंह भाटिया

'और फिर?' राम रत्न ने दृष्टि वर्मा जी के चेहरे पर गाड़ दी। वर्मा जी के चेहरे पर विषाद की रेखाएं उभरी। कुछ कहना चाह रहे थे मगर ओंठ फर-फर करते रहे। चुप। भीतर कुछ उबलता सा। बड़ी देर बाद बोले, 'ऐसा प्रश्न आज तक किसी ने नहीं पूछा? अन्तरंग।' राम रत्न भी चुप उनका चेहरा देखता रहा। उस पर उतरते-चढ़ते भाव। घर की उस कोठरी में ऊंचे बज रहे स्टिरियों का शोर बन्द दरवाजे को पार करता घुलता जा रहा था। वे पैग पर पैग लगा रहे थे। दो पर दो। अपने-अपने जीवनानुभव सुनाते। इसी क्रम में उनमें दाम्पत्य सम्बन्धों की बातें होने लगी थी। वर्मा ने कुछ टुकड़े सुनाए--और चुप हो गए। राम रत्न की जिज्ञासा बढ़ी और पूछ लिया।--'और...।'
बड़ी देर बाद वर्मा बोला,'इस औरत ने मुझसे...।' और फिर चुप। और बुदबुदाते रहे। भीतर ही भीतर कुछ खौलता सा। ऐसा लग रहा था मानो शब्द चूक गए हों या यह बहुत ऊंचे बोलना चाहता हो, परन्तु किसी मर्यादा के अन्त: दबाव को रोकने की कोशिश कर रहा हो। हो सकता है वह कोई अश्लील गाली ही देना चाह रहा है। राम रत्न को लगा कि ऐसा भी हो सकता है कि व्यक्तिगत बातों में आंतरिक पीड़ाओं का लम्बे समय से बना नासूर सा...हल्की चुभन के बाद रिसने लगा हो और भावात्मक पराकाष्ठा प्राप्त कर बहने लगा हो। वह इसे किसी को भी बताना नहीं चाह रहा है। और अब जब छेड़ ही दिया तो इसे बहने देना चाहिए। एक अन्त: निर्णय... बता देना चाहिए। दिल में उठाया बोझ थोड़ा कम हो जाएगा। चेहरे पर विषाद की चमक कम हुई। वह थोड़ा संयत हो बोला, 'भाई साहब, इस औरत ने मुझे आदमी ही नहीं समझा। पति तो बिल्कुल भी नहीं। एक मुण्डू--एक नौकर। ज्यादा से ज्यादा एक पुरूष। समाज में मान्यताप्राप्त पति। एक पहचाना व्यक्ति जो इसका हुक्म बजाए। बस्स।... इसके पास होती हैं इसकी तकलीफें। इतनी कि गिनाए नहीं गिनती। और मुझे देखो मैं इसकी उन तकलीफों के साथ सहयोग करता रहा। उन्हें दूर करने की कोशिश करता। एक सेवादार। मन ही मन सोचता इसकी खुशी के लिए करते रहो। एक दिन यह कहेगी, 'छोड़ों यार! जो हुआ सो हुआ। हम एक हैं। आओ आज प्यार भरी बातें करें।' पर मैं तरसता रहा। इसकी एक मुस्कान, उस मीठी वाणी के लिए।
दरअसल राम रत्न उस दिन वर्मा की पोती के जन्म दिन पर वहां आया हुआ था। वर्मा की बहू राम रत्न की लड़की की पक्की सहेली है। इतनी कि यदि हफ्ते में एक बार मिल कर एक ही बिस्तर पर लेटकर घन्टों बतिया न ले तो चैन नहीं। कहीं खोया सा लगता कुछ। इस मित्रता के फलस्वरूप दोनों के परिवार एक साथ मिल जाते। कभी-कभार डिनर भी कर लेते।
मिलने के क्रम में जो प्रगाढ़ता बढ़ी उससे बच्चों का प्यार भी बढ़ा। अधिकार भी। वर्मा की पोती इस प्रकार राम रत्न की भी पोती हो गई। बच्चों का जन्म दिन आया तो उसने राम रत्न को फोन पर ताकीद की कि उसे जन्म दिन पर अवश्य आना है और फलां चीज उपहार में लानी है। एक समारोह का आयोजन किया है। उम्र के इस पड़ाव पर यह महत्वपूर्ण था। वह बारह की हो गई थी। अगला जन्म दिन वह अपनी नई सहेलियों के साथ ही मनाएगी। उसकी मम्मी का ऐसा कहना था। सो राम रत्न इस आग्रह को टाल नहीं सका।
वर्मा जी से राम रत्न की भेंट उनकी पोती के जन्म दिन से एक दिन पूर्व ही हुई। यूं राम रत्न उनके यहां जाने कितनी बार गया था मगर कभी उनसे मिला नहीं। इतना ही पता चला कि वे यहां नहीं रहते। दूर एक फ्लैट में अकेले रहते हैं। श्रीमती वर्मा दूसरी बहू के पास रहती है। उसकी मां अभी जिन्दा है सो उसके पास भी रहती है। कब कहां होगी यह फोन से ही पता चल पाता है। रिटायरमेन्ट के बाद उसने अपना एक किट बना रखा है। जब मर्जी हुई किट उठाया और चल दी। जब पूछा गया कि बच्चों की परवरिश में यानी 'बेबी सिंटिंग' में मदद नहीं करती तो एक ही उत्तार, 'मम्मी अपनी मर्जी की मालिक हैं-- इतना वे आवश्यक नहीं समझती। कहती है कि सभी को अपना-अपना भार स्वयं ढोना चाहिए। इसलिए बच्चे भटक-भटक कर पले। क्रेच, आया, खुद और फिर क्रेच। नौकरी पेशा लोगों का जीवन है यह।'
खैर! राम रत्न मि. वर्मा जी से मिला तो हैरान रह गया। गठीला शरीर, सत्ताहर की उम्र में भी सिर के सारे बाल काले। सफेद आरीजनल दन्त पंक्ति। हां! सिर के पृष्ठ भाग में कुछ बाल छितरा गये हैं और वहां गोरी चमड़ी दिखने लगी है। वे जब आए थे तो बैठक में काफी देर तक खड़े रहे। घर में बहू नहीं थी। पोता कुछ सामान लेने बाहर गया था। एक अतिथि और थे जो शायद उनके जाने-पहचाने थे। उन्हें देख इतना ही कहा, 'कैसे हो? सब ठीक है न।' इतने में भीतर से पोती आई--'अरे दादू! आप खड़े क्यों हैं, बैठो न। मैं पानी लाती हूं।' वह पानी लेने भीतर गई। वर्मा जी खड़े ही रहे। तब राम रत्न ने कहा --'सर। बैठिए न। खड़े क्यों हैं?' वे बैठना नहीं चाहते थे। आवाज देकर पोती से पूछा--'तुम्हारी मम्मी कहां है?'
'दादू आ रही है। आन्टी को लेने गई है।' भीतर से उसकी ऊंची आवाज आई। थोड़ी देर में वह पानी ले कर आई। वर्मा ने खड़े-खड़े पानी पीया और दरवाजे की ओर हो लिए। 'मैं घन्टे भर में आता हूं।' और दरवाजा खोल बाहर हो गए।
वर्मा जी घन्टे भर बाद लौट आए। अब उनके हाथ में एक झोला था। भरा हुआ। शायद कुछ लाना भूल गए थे। तब तक घर में लड़के को छोड़ सभी आ गये थे। उनकी बहू ने उनका परिचय राम रत्न से करवाया--' ये अंकल हैं। माइना के बर्थ-डे पर आए हैं। ...अंकल ये पापा(ससुर)।... कुछ भी हो, माइना और चन्दन के बर्थ-डे पर जरूर आते हैं। मेरा जन्म दिन तो...।' हल्के से हंसी वह।
'क्यों भई, तेरे जन्म दिन पर मैं तोहफा नहीं भेजता क्या? ये इलाज़ाम...। प्रश्नाकूल उन्होंने पूछा।
हंस दी बहू। 'पापा यह तो आपको छेड़ने को कहा था। मैं जानती हूं, आप मुझ से कितना प्यार करते हैं।... आप अंकल से बतियाओं मैं चाय बनाती हूं।'
वर्मा जी सोफे पर बैठ गए थे। पहले वाले मेहमान 'जरा आता हूं कह' बाहर निकल गये थे। तभी पोता चरणवंदना कर साधिकार-- बोला, 'दादू आज आप यहीं रुकोगे। देखो, दादू अंकल भी आए हैं। आपको कम्पनी मिल जाएगी?'
वर्मा जी ने उसकी बात का उत्तार नहीं दिया-- कहा, 'माइना को बुलाओ।' माइना आई। उसे उन्होंने पांच सौ का एक नोट दिया। फिर पांच-पांच सौ के नोट बहू और पोते को भी दिए। वे उठे और कहा-- कमल भी होता तो उसे भी देता। जब भी आता हूं, वह नहीं मिलता। अच्छा मैं चलता हूं।' वर्मा जी की इस प्रक्रिया पर राम रत्न ने कहा-- 'अरे! वर्मा जी बैठो तो सही। आप तो व्यस्त ही अधिक दिख रहे हैं, सपना चाय बना रही है।'
'नहीं बहुत काम है, चलता हूं।'
'चाय...।'
'नहीं, चाय नहीं... गर्मी है।'
और वे दरवाजे की ओर बढ़े। राम रत्न को बुरा लगा। कैसा व्यक्ति है? एक तरफा। केवल एक तरफा। अपना पक्ष अदा किया और चल दिया। इस घर की यह स्थिति कैसी है, इसे कोई रुकने को भी नहीं कह रहा। जब वह दरवाजे तक आया तो बहू ने कहा--'पापा आज रुक जाते तो ठीक था। कल माइन का बर्थ-डे है। अंकल भी आए हैं। 'काफी विनम्र आवाज थी बहू की। पर वे नहीं माने। तब राम रत्न को जाने क्या सूझा कि बोला--'चलो मैं नीचे तक आपके साथ चलता हूं। सिगरेट खत्म हो गई है। सो आपको भी छोड़ आऊंगा।'
वे बाहर निकले। पानवाड़ी के पास रुके। राम रत्न ने सिगरेट ली। डिब्बी खोली और एक सिगरेट वर्मा जी की ओर बढ़ाई।'
'नहीं! छोड़ दी है।'
'मैंने भी। यह तो आपसे बात करने का बहाना मात्र है। ' बड़े दिनों से नहीं पी... चलो आज एक साथ लगाते हैं एक-एक सुट्टा।'--हल्का सा हंसा राम रत्न।
'वर्मा ने जाने किस भाव से सिगरेट ले ली।'
एक कश लिया और हल्का सा खांस दिए। आगे बढ़े।
चुप। थोड़ा चलकर कहा--' जाने कितने वर्षों बाद सिगरेट...। सिगरेट का स्वाद ही भूल गया था। राम रत्न ने सिगरेट छोड़ने और उनके एकान्त में न पीने के बारे में नहीं पूछा। कहा, 'हां ! मैंने भी। आइए ... बुरा न माने तो...।' आपकी भूमिका।
'मैंने ऐसे क्यों किया? यही न।' सबको लगता है। अटपटा पर....। पूछते कोई ही है।
'हां!'
'अपना फर्ज।.... इनके लिए मैं इतना ही हूं।'
'पर भाभी जी...कल माइना का बर्थ-डे। एक समारोह। पार्टी...'
'यहां वे लोग, एक जो उनकी तरफ के हैं। मैं उन्हें पसन्द नहीं करता; आयेंगे...वे उछलकूद करेंगे, बतियाएंगे, धरती से उपर की बातें। अपनी-अपनी हांकेंगे। इनमें मैं नकारा वस्तु सा बन कर क्या करुंगा सो अपना पक्ष अदा कर चलता हूं।' ...आप लौट चलो अब। मेरी बस आने वाली है।
'वर्मा जी, मैं भी तो यहा नया ही हूंगा। बहुत सारे लोगों को मैं भी नहीं जानता, सो मैं भी अकेला महसूस करुंगा। आपके साथ गप्प करते, जीवन के अनुभव सुनाते वक्त कट जाएगा और कल मुझे भी चले जाना है। आप रुकिए।'
'नहीं रुक नहीं सकता।'
'तो कल आ जाइएगा। मुझे अच्छा लगेगा। हम अलग कमरें में बैठेंगे। यूं भी युवाओं के साथ अब हमारा क्या काम?'
बड़ी ना नुच के बाद वर्मा जी कल आने को कह गये। एक दोस्ती का वायदा पक्का कर।

दूसरे दिन वे अपरान्ह में आ गये। घर में पार्टी की तैयारियां चल रही थीं। उनके चेहरे पर पिछले दिन का कसाव नहीं था। उत्फुलता थी। काफी देर तक वे घर में बच्चों के साथ गप्पें मारते रहे। एक बच्चा बन कर। बैठक में जब एक दो मेहमान आने लगे तो वे अलग कोठरी की ओर चल पड़े। राम रत्न से उन्होंने कहा-- 'चलो उधर बैठते हैं?'
अभी वे बैठे भी नहीं थे कि पोता अपनी बगल में एक अद्धा लेकर आया 'वर्मा जी से धीमे से बोला--दादू ये आपको। अंकल के साथ आप...भीतर कोई नहीं आएगा। मैं बाहर से ताला लगा देता हूं। सलाद और कुछ खाने को लाता हूं।' राम रत्न ने मना किया कि इसकी जरूरत नहीं है। मगर पोते ने कहा--'ये कुछ नहीं है। दादू जानते हैं। 'मैं आता हूं कह वह बाहर चला गया। उसके जाने के बाद वर्मा बोला, 'यह पोता मेरा बड़ा खयाल रखता है। लवली है। 'बातों-बातों में उनके बीच कब पारिवारिक सम्बन्धों और फिर दाम्पत्य सम्बन्धों का जिक्र छिड़ गया पता ही नहीं चला।
वर्मा जी बताने लगे-- यह और मैं एक ही गांव के हैं। अलग-अलग गोत्र थे हमारे। मगर जाति एक। कभी मेरे पूर्वजों को यहां घर जवाईं के रूप में जमीन मिली थी। सो पीढ़ी आगे बढ़ी। हम दोनों एक साथ पले-बढ़े। यह उम्र में जरा छोटी थी सो क्लास में मुझसे काफी पीछे थी। पर आप जानते हैं लड़कियां उम्र बढ़ने के साथ एकाएक आकर्षण का केंद्र बन जाती हैं। लड़कों में उछृंखला बढ़ती है तो लड़कियों में संकोच। इस उतार-चढ़ाव के साथ हम मिलते रहे। कालेज के बाद मैं नौकरी की तलाश में गांव से सटे शहर में चला गया और यह अपने ताऊ के पास कलकत्ताा।
इसी बीच विवाह का सवाल उठा। अनेक रिश्तों की नकार के बाद माँ ने ही पूछा था, 'तू कैसी लड़की चाहता है?' माँ का पूछना। मन में बसी छवि एकदम सामने आ गई। हौले से मां के कान में सरका दिया कि वह शादी करेगा तो इसी से। पहले तो मां भड़की। ये क्या हुआ। एक ही गांव में जायेगी बारात। इस कोने से उठी और दूसरे कोने तक। नहीं यह ठीक नहीं है। रिश्तों में निकटता रहती है। कितने अवगुण मालूम होते है...नहीं। मैने कहा-'तू कोशिश तो कर।' बात बढ़ती पिता तक पहुंची। पहले तो वह भी चौंका। परन्तु बोला कुछ नहीं। अगले दिन उन्होने माँ को समझाया,' तो क्या है-- हमारे सम्बन्ध हो सकते हैं। लड़की यहां कहां रहती है। कलकत्ताा बहुत दूर है न। शादी पक्का करने के लिए उसने इस बीच यह भी बता दिया कि वे पढ़ाई के समय से ही एक दूसरे को चाहते हैं। इससे दोनों घरों में बात हो गई कि जब ये एक दूसरे को चाहते हैं तो फिर क्या है, कर दो शादी। संभवत: वे भी उन दिनों लड़के की तलाश में थे। उन्होंने इसे कलकत्ताा से बुला दिया था। इसने अपने घर कुछ कहा हो मालूम नहीं परन्तु थोड़ी बात के बाद गठबंधन हो गया।
शादी की गहमागहमी से फारिग हो जब हमारा कमरा एक हुआ तो इसने सबसे पहले पूछा--' पहले तो यह बताइए कि हम कब करते थे एक दूसरे से प्यार? मैंने कब डाली तुम्हारी आंखों में आंखें और बदली अंगूठियां...।' जाने कितने प्रश्न। बहुत गुस्सा थी। मैं हंसता रहा-- 'यार! छोड़ो न। अब हम पति-पत्नी हैं। मुझे तुम्हे हासिल करना था बस्स कह दिया सब। अब माफ कर दो। वास्तव में मैं तुम्हे प्रेम...तुम्हे पाना चाहता था।' और... कालेज के दिनों तुम मेरे साथ कितना घुलती-मिलती थीं--याद नहीं। वह भड़क उठी, 'प्रेम!' छल से। कभी भरे मुंह से कहा भी था कि ... मैंने तो कभी...। एक साथ उठना-बैठना। चलना या हंसना, इसके मायने ये नहीं जो तुमने समझ कर अर्थ लगा लिये। नहीं। बिल्कुल नहीं। माँ-बाप के आगे मेरी भद्द की....कैसे व्यक्ति हो तुम?' और में चुप। यह क्या हो गया? मैंने उसे बताने की फिर कोशिश की कि...प्यार में...मैं..। पर उसने हाथ खड़ा कर मुझे रोक दिया था।.... विवाह का सारा उत्साह तिरोहित हो गया था। और उस दिन हम यूं ही रहे।
.....और एक कड़वाहट से शुरू हुआ हमारा दाम्यत्य जीवन। फिर बच्चे हुए। इस बीच यह नौकरी भी करने लगी थी। मैं भी इस महानगर में आकर नौकरी करने लगा। बाद में इसे भी यहां लाया तो इसे यहां आसानी से नौकरी मिल गई। इस बीच इसकी बहनों और भाई का ब्याह हुआ। भाई मेरे किसी बुजुर्ग की भांति भाग्यशाली रहा--यहां घर जवांईं बन गया। और एक दिन मां को भी साथ ले आया। इसके लिए यह बिल्ली के भाग से छिक्का छूटा हो गया। मायका यहीं हो गया। अब आने-जाने में आसानी।छोट-बड़े दु:ख-सुखों का आदान-प्रदान होने लगा। वह बोला--मेरा परिवार काफी बड़ा था। हम सात भाई, चार बहने थे। चाचा, ताऊ भी इकट्ठे रहते थे। एक अलग चर्या थी हमारी। नियम थे, कार्य व्यवहार थे-- सो इसे इतने बड़े परिवार से मिलना अच्छा नहीं लगता था। हमारे बीच तनाव का एक कारण यह भी रहा। मैं इसे अपने परिवार की ओर खींचता। यह अपने मायके की ओर मुझे खींचती।
उन्होने लम्बी सांस ली। शराब का लम्बा घूंट भरा और शराब की कड़वाहट को पचा कर कहना शुरु किया--'डियर यह हमारे समाज की कहो या प्रकृतिजन्य परिस्थिति है कि लड़की कभी भी अपने ससुराल को अपना नहीं मान सकी। जब भी जिक्र करती है, अपने मायके का। वहां यह होता है या होता था। मां ऐसे करती थी, पापा...। ससुराल में केवल पति। एक सामाजिक जरूरत और बच्चे। दोनों के एक साथ रहने की परिणति या जिस्मानी आवश्यकता का प्रतिफल। कुल मिलाकर मैं, मेरा पति, मेरे बच्चे और मेरे मायके वाले। आगे कुछ भी नहीं। पति बेचारा पिसता रहता है, अपने माता-पिता, समाज और अपनी प्रतिष्ठा के नीचे। पेण्डुलम की तरह। बहुत कम होते हैं जो इस अदृश्य बंधन को तोड़ स्वतंत्र निर्णय ले पाते हैं। मैं यहां इस कर्म में असफल रहा। बहुत ज्यादा।
वर्मा ने लम्बी सांस खींची। 'जीवन की गाड़ी चलाते, इसने मुझे दूसरे, तीसरे स्थान पर रख दिया था। मेरे आगे इसके शारीरिक, नौकरी सम्बन्धी और इसके मायके के दु:ख होते। मैं सब कुछ अपने इस फैसले के तहत करता रहता कि मुझे यह दाम्पत्य जीवन लोकहास्य से बचाना है, वर्ना भीतर ही भीतर मैं बहुत टूट चुका था। डियर, मैंने सोचा था कि जैसे ही हमारा ब्याह होगा, देह से देह का मिलन होगा, मन स्वत: मिल जाएंगे और हम सुखी हो जाएंगे। यह प्यार करने लगेगी। प्यार का एक रास्ता यह भी तो है न। बरास्ता देह। यह पता नहीं था कि हंसी हमें किसी चुटकले की किताब या टी.वी. चैनल से उधार लेनी पड़ेगी।... अब समझने लगा हूं कि माता-पिता द्वारा निर्धारित सभी शादियों में प्यार शब्द नहीं होता। बस एक सामाजिक बंधन और अपने कार्य व्यवहार की सीमाएं होती हैं, जो रोकती हैं कि आगे बढ़ना खतरनाक है। यह एक ब्रह्मफांस है।... वे भाग्यशाली हैं जिन्हें सुख मिल जाता है, जिसे वास्तव में दाम्पत्य सुख कहा जाता है; वर्ना वह अरेन्जड मैरिज हो या सेल्फ अरेंज्ड। धाीरे-धाीरे तथाकथित प्यार तिरोहित होता जाता है। व्यक्तिगत स्थापनाओं की तरजीह टकराव को जन्म देती रहती है और हम एक दूसरे से आत्मिक रूप में अलग होते रहते हैं। धीरे-धीरे। यह तब पता चलता है जब यह पाषाण रूप धारण कर लेता है। हम सामाजिक दायित्वों, प्रतिष्ठाओं की बलि चढ़ते, भीतरी उद्वेगों को दबाते कभी रक्तचॉप तो कभी किन्ही अन्य शारीरिक बीमारियों के घर बन जाते है।--छोड़ने की जगह नहीं । जाने का कोई रास्ता नहीं। दरअसल शुरू में हम देह की चमक को ही सर्वोपरि मानते हैं। गोरी चमड़ी के भीतर किस प्रकार की मशीन फिट है यह गौण रखते हैं।
वर्मा अपनी बात कहता आगे बढ़ गया था। राम रत्न चुप सुनता जा रहा था। यूं भी राम रत्न में बला की सहन शक्ति है। वह बोलता कम और सुनता ज्यादा है। कभी ठण्डे हो रहे अलावा में हल्की सी लकड़ी घुसेड़ उसे छेड़ कर भभकाने की कोशिश करता है; उनकी बात और मोड़ न ले ले, उसने कहा--'आप अलग क्यों हुए? आपने भी तो साहस किया न। '
'इसी वजह से। इसके स्वार्थों के कारण। केवल निज और निज। टांगे दु:खें तो इसकी, सिर दर्द हो तो इसे। कहीं जाना हो तो, इसके साथ... रिश्तों में रिश्ते इसके। इसकी मां को बहू से कष्ट हो तो ठिकाना हमारे घर। अरे दूसरी भी तो लड़कियां हैं, वहां...। बस मैं बन गया सेवादास। हर दवाव और समस्या को सुनने झेलने वाला। उनके निकाले समाधान को क्रियारूप देने वाला। अपना विचार प्रकट करना अपने बौनेपन और नासमझी को दर्शाना मात्र था।
जो आभास शुरु में हो गया था, उसे नकार जीवन सुधार और एक पटरी पर लाने की कोशिश चलती रही। हंसी तो एक तरफा ही थी। जिस्मानी जरूरतों में समर्पण को मैं प्यार नहीं मानता--सो एक कसक। फिर एहसास भरने लगा, बल्कि पक्का हो गया कि नहीं। इन तिलों में तेल नहीं। इसलिए नहीं अब नहीं। भूख आज लगी हो और रोटी कल मिले। या होटल में खा आओ बाहर। क्या बात बनी? फिर घर नामक संस्था का क्या फायदा। ऋषियों या समाज व्यवस्थापको ने कुछ सोच कर ही इसे समाज के लिए तय किया होगा। हम तो लीक पीट रहे है....आदमी शादी एक निश्चित समय सुकून के लिए करता है और घर बनाता है इस होटलवाद के लिए नहीं। फिर मन में आया कि एक प्रयास और करना चाहिए। शायद...।
इसी तरह एक दिन हंसी-हंसी मे कह दिया था -'आओ प्यार करें।' लम्बे समय में इसके सान्निध्य की भी चाह थी, मगर उस दिन जो मानसिक प्रताड़ना मिली। यह निर्णय कर लिया कि जब हम वर्षों से इस घर में दो सम ध्रुवों की मानिन्द रह रहे हैं। अजनबी से, और जब हमारी सोच अलग है तो क्या फायदा। बस एक दिन कह दिया। 'मैं बच्चों का खर्च दे दिया करुंगा। तुम्हारे पास जब मुझे देने को कुछ नहीं तो क्या फायदा? तनाव नहीं झेल सकता। मजेदार बात यह कि इसने कोई प्रत्युत्तार नहीं दिया, कोई टनक नहीं, खटक नहीं और हम अलग।
'वर्मा जी मैं धृष्टता करुंगा... इनके कोई दूसरे व्यक्ति...।' राम रत्न ने बात अधूरी छोड़ दी।
'समझ गया, नहीं मुझे नहीं लगा कि कोई ऐसे सम्बन्ध होंगे। हां! इसे मैं पसन्द नहीं था। कई बार कह चुकी थी। ये बच्चे मेरी इच्छा से नहीं हुए...। एक लाश के साथ...। बलात्कार की उपज हैं ये।' अब बच्यों को मैं नहीं कह सकता कि हमारे बीच वास्तव में है क्या। वे तो इतना जानते हैं कि हम दोनो लड़ते रहते है। बिना बात के । पर आप ही बताओ कोई लड़ सकता है ऐसे। कोई न कोई सवब तो होगा--महीन सा। जो दिखता नहीं और दिखता है तो कोई और रूप होता है। कैसे कहें कि हम जिन्दगी के दो ध्रुव हो कर रह गये है।'
'अब एक ही चारा था। अलग होना। इससे पहले कि दिमाग की नसे फट जाएं अलग हो जाना चाहिए। यह जब भी सामने होती है..तब मन में एहसास रहता है, यह पत्नी है जो ठीक नहीं ह। मेरी आवश्यक्ता पूरी नहीं कर पा रहीं-- जब आंखों से दूर होगी तो वे एहसास खत्म हो जाएंगे। संभवता उन जरूरतों पर भी अंकुश लगे जो इसे देख उत्पन्न होती हैं।-- अलग होना था, हो गया। अब अपना दायित्व निभाता आ रहा हूं। यहां आना... 'वर्मा जी आगे कहते कि दरवाजा खुला। पोता हंसता हुआ भीतर आया। 'दादू, नानू चलो खाना खा लो।
'सब चले गये।' वर्मा जी ने पूछा।
'हां! एक दो हैं, उनसे आपको एतराज नहीं होगा।'
'तुम्हारी दादी?'
'चाचा जी आने वाले हैं, अपना बैग तैयार किए बैठी है। यहां नहीं रहेगी। अच्छा, चलो तुम हम आते हैं, लास्ट पैग...।' वर्मा ने कहा।
काफी देर बाद उन्होंने कहा --'चलो, खाना खाते हैं।'
बाहर आए तो बैठक में श्रीमती वर्मा से भेन्ट हो गई। नमस्कार का आदान-प्रदान। वह बोली! अरे! आप तो भीतर ही रह गये। मैं सोच रही थी कि आपको भी यहां होना था पर दिखे नहीं। भैया भी आया था-- पूछ रहा था। वह आपके पास जाने को कह रहा था-- कोई बिजनेस बैठक है वहां।'
'तो क्या, वे जब चाहे आ सकते हैं।'
'हां! मैं कल आऊंगी, आप यही हैं न।'
'ठीक है,....। फिर वर्मा जी की ओर दृष्टि कर बोली--'वर्मा जी ठीक है न ! आजकल वो...।' इस बीच नीचे से आवाज आई,' मम्मी चलो न!' और वह उठी। बैग उठाया और दरवाजा लांघ बाहर हो गई। उनकी बात राम रत्न नहीं समझ पाया।
राम रत्न जितना मितभाषी है उतना घुन्ना भी है। जब उसे कुछ सुनना होता है तो वह एक गहरा छू देने वाला प्रश्न करता है और चुप हो जाता है। इस बीच उसके पास शब्द कम हो जाते हैं। मगर जब कोई और मुद्दा होता है किसी को हानि पहुंचाने वाला तो अपना पक्ष इतना पुख्ता प्रस्तुत करता है कि कोई नहीं कह सकता कि यह सुनता ही ज्यादा है...। उसके भीतर क्या चलता रहता है पता नहीं चलता। वह तहर-गुन करता रहता है। और अपने मंतव्य में सफल हो जाता है। पर उसकी एक कमजोरी भी है--वह केवल सूचनाएं एकत्रित करता है। कार्यरूप के लिए वह किसी का कंधा ढूंढता रहता है।
खैर! यह मानवीय प्रकृति है। वर्मा जी के जाने के बाद अब उसे श्रीमती वर्मा का पक्ष भी जानना था। अगले दिन वह दोपहर बाद आई। अपना बैग एक ओर रख बोली, 'सुबह निकल गई थी। मम्मी जी बीमार हैं सो उनकी दवा लेकर गई। आप जानते हैं नब्बे को पार गई है वह। अब बीमार रहने लगी है-- पर भैया, उसके नियम ठीक थे। वर्ना आज आदमी इतनी लम्बी उम्र कहां प्राप्त कर पाता है। बाबा जी तो कितने पहले चले गए थे। इसके बाद मैं गुरु मां जी के पास चली गई। वे काठमांडू में एक विशाल मंदिर बना रही है। वहां मैं भी एक कमरा बनाना चाहती हूं, ताकि सराय में यात्री रुक सके। मेरा नाम हो। पूछे कोई तो जाने... क्या करुंगी इतना पैसा रख कर...। लगा देना चाहिए धर्म के नाम पर। गुरु मां ने इस बारे बैठक बुलाई है-- सो प्रबंध करना था। उन्होंने काफी समय ले लिया। अब आ पाई हूं...। राम रत्न ने उनकी वार्ता के बीच कहा--'वर्मा जी से मिलना हुआ। बहुत दिलचस्प आदमी है।'
'हां! अनुभवी हैं।'
'अब थक गये हैं, ऐसा लगता है।'
'हां, पर अभी भी उनमें काफी क्षमता है, अपना काम स्वयं करते हैं।'
'आप....।'
'हां! क्या बताऊं?'
'तब भी, राम रत्न ने कुरेदा।'
'वे बहुत अच्छे आदमी हैं। सोशल। सेवानिवृत्ता के बाद अनेक संस्थाओं से जुड़े हैं, बल्कि नौकरी में रहते भी वे काफी समय सोशल वर्क को देते थे। '
'आप भी तो सोशलवर्क करती हैं, उनके साथ...।'
'सोचा ही नहीं।'
'एक साथ नहीं रहते।' राम रत्न ने इसके साथ दृष्टि उसके चेहरे पर टिका दी। बात का असर हुआ। त्योरिया चढ़ी। कुछ देर बाद बोली,
'शर्मा जी, अब क्या रहना। छोटी बहन नौ बरस की थी तब से अलग है। आज तो सत्तााइस-अटठाईस वर्ष हो गए।'
'मैडम, जवानी तो कट जाती है, बुढ़ापे में संगिनी की आवश्यकता बहुत होती है।' राम रत्न ने कहा।
'क्या बताऊं, आपसे क्या छिपाना। बच्चों से कुछ पता चल ही गया होगा। इसलिए सच यह है कि एक झूठ मुझे आज भी सालता है। यह जब भी सामने होता है मुझे इसका छल याद आता रहता है। इसने किस तरह हासिल किया और मैं... कुछ न कह सकी। मेरी इच्छाएं। भावनाएं-वांछनाएं सब धरी की धरी रह गई थीं। माता-पिता की इज्जत की खातिर मान गई। एक गाय की तरह... आ गई इसके मवेशीखाने में।' उसने लम्बी सांस भरी। काफी देर चुप रही। बोली, 'मैं लाड़ प्यार में पली, बच्ची थी। ऐसी जिसकी एक कॉल पर बड़े ताऊ कलकत्ताा से गांव आ जाते थे। मेरी फमाईश पर अमुक चीज ले आते थे। वर्मा जी ने, मुझे उनकी नजरों में इतना गिराया कि वे मरकर चले गये पर मुझसे नहीं बोले...।' बहुत पीड़ा उभरी श्रीमती वर्मा के चेहरे पर।'बड़े ताऊ मुझे आज भी याद आते हैं। और तब...।'
'इन्होंने क्या किया?'
'झूठ इतना बड़ा...। ओफ्ह!'
... राम रत्न चुप रहा। ताकता श्रीमती वर्मा का चेहरा।-- फिर बोला--'आपकी पसन्द का कोई...।' उसने बात अधूरी छोड़ दी। उसकी बात का उसने कोई उत्तार नहीं दिया। काफी देर चुप रहने के बाद बोली,'... माना हम साथ-साथ पले बढ़े। पर हमारे बीच प्यार जैसा कोई आकर्षण नहीं था। ताऊ जी, मेरा रिश्ता कलकत्ताा कर रहे थे, मगर इसी बीच इन्होंने फैलाया कि हम एक दूसरे को...। यह बात जब ताऊ जी के पास पहुंची तो वे बहुत नाराज हुए--' हमारी यह लड़की तो...? वे गुस्से से सोफे पर धंस गए। उनकी नजरों में मैं हल्के स्तर की लड़की बन कर रही। बिना कसूर के। वे सोफे से उठे और बाहर चले गये। गुस्सा। अगर मैं लड़का होता तो शायद हाथ उठा देते। आप जानते हैं, उस समय इस बात का हमारे रुढ़ियों वाले समाज में क्या अर्थ होता था। फिर गांव के एक छोर से दूसरे तक बारात आने का कैसा हास्य होता था। वही भाई-बंधु वर पक्ष के और वही वधाु पक्ष के। ब्याह की गहमा, गहमी जैसा कुछ नहीं...। ताऊ जी मेरे से फिर नहीं बोले। एक बार मैं साहस कर उनके पास गई भी थी कि अपनी स्थिति बताऊँ पर उन्होने बात करने से मना कर दिया और उठ कर भीतर चले गये.....ताऊ जी के हत्यारे हैं वर्मा जी।... मैं उबर ही नहीं सकी। इन्हें स्वीकार ही नहीं कर पाई। सब कुछ एक तरफा।' एक निराश सा स्वर निकला।
'अब तो जिन्दगी इतना आगे निकल गई, इन बातों का क्या मूल्य? फिर अपनी पसन्द की चीज पाने के लिए यदि इन्होंने कुछ किया तो...। यू नो एवरीथिंग इज गुड इन लव एंड वार।' रामरत्न ने कहा।
'हां! पर इन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था। मेरा भी तो कुछ मान था।'
'इन्होंने माफी मांगी थी।'
'हां,पर...।'
'अब भी नहीं।'
'नहीं, पर ऐसी बात नहीं।' जब भी वे बीमार-उमार पड़ते हैं। मैं देखती हूं। फर्ज की तरह। मगर अब क्या फायदा? मैं यह सब भूल चुकी हूं? आप किस गाड़ी में जा रहे हैं?'
'शताब्दी से..।' राम रत्न ने कहा। वह समझ गया था कि वह इस विषय पर बात नहीं करना चाहती। उनकी अन्तरंग बातों के स्पेस को वह स्वयं ही समझता अर्थ लगाता रहा।
घर आकर राम रत्न ने पत्नी के साथ अपने नए अनुभव को बान्टा। बोला-'हम जाने कब जीवन ढोने लग जाते हैं, समाज की बेड़िया हमें कठोर कदम उठाने से रोकती हैं.... सबकी एक सी स्थिति होती है, मगर कहते नहीं...।' इस पर उसकी पत्नी बोली-
रहिमन निज मन की व्यथा, मन ही राखो गोय।
सुन इठलैहें लोग सब, बंट लइ हैं न कोय॥
कौन बांट सकता है। मन और तन के दु:ख भारी होते हैं। सारे दु:खों की डलिया किसे दी जा सकती। कौन कहे कि सारेआ दु:खांदा डलडू मांऽ कनै देइदे, तू आगड़ी हुइजा ओ म्हाणुआ, ओ पखलेआ म्हाणुआ।
मि. वर्मा और मिसेज वर्मा बहुत दिनों तक राम रत्न के मानसपटल पर छाए रहे। वह कई बार अपनी स्थिति का मिलान अपने से करता। बुदबुदाता--'यदि गहराई से देखा जाये तो अपनी और वर्मा की स्िथिति में मामूली सो फर्क है। हम जाने किस ताकत के साथ इस प्रकार का जीवन जीते जा रहे है?' तभी विवेक कह उठता है-'हां, यह घसीटना है और चलते रहो जब तक पूरक न मिल जायं।' वह चुप हो जाता है। इस पूरक की तलाश में ही तो हम सच झूठ किये जा रहे है। अपने को ठग रहे है। फिर सोचता है-समाज में जाने कितने घरों में ऐसी स्थिति होगी। मजेदार बात यह है कि हम किसी के पास अपना गहरा निज नहीं बोल पाते। अपने को सीधे से नही खोल पाते। एक झीनी सी चादर में लिपटे हैं हम। रीछ वाली कहावत की मानिन्द कि कम्बल तो छोड़े पर कम्बल नहीं छोडता। रीछ की पकड़ भारी है।



बद्री सिंह भाटिया
2-हरबंस काटेज, संजौली शिमला-171006


जीवन वृत्त
नाम: बद्री सिंह भाटिया
जन्म: 4 जुलाई, 1947 को सोलन जिले की अर्की तहसील
के गांव ग्याणा में।
षिक्षा: स्नात्कोत्तार (हिन्दी) तथा लोक सम्पर्क एवं विज्ञापन कला में डिप्लोमा।
लेखकीय विकास: ठिठके हुए पल, मुष्तरका जमीन, छोटा पड़ता आसमान, बावड़ी तथा अन्य कहानियां,यातना षिविर,कवच,
और वह गीत हो गई (सभी कहानी संग्रह), पड़ाव(उपन्यास), कंटीली तारों का घेरा(कविता संग्रह),
सूत्रगाथा और धन्धा( कहानी संग्रह, सहयोगी सम्पादन)।
इसके इलावा अनेक सम्पादित संग्रहों में कहानिया संकलित तथा देष की अनेक पत्रिकाओं में प्रकाषित,
कुछ कहानियां अनुदित भी साथ ही साथ विकासात्मक लेखन।

पहली सरकारी नौकरी के समय में मेडिकल कालेज षिमला की कर्मचारी यूनियन की पत्रिका तरु-प्रछाया
का सम्पादन,
कालान्तर में सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग में नौकरी के साथ साप्ताहिक पत्र गिरिराज और मासिक
पत्रिका हिमप्रस्थ में सम्पादन सहयोग।
सम्मान: साहित्यिक यात्रा में हि. प्र. कला,संस्कृति एवं भाशा अकादमी द्वारा पड़ाव (उपन्यास, 1987) तथा कवच
(कहानी संग्रह, 2004) पुरस्कृत। हिम साहित्य परिशद मण्डी द्वारा 2001 में साहित्य सम्मान तथा हिमोत्कर्श
साहित्य, संस्कृति एवं जन कल्याण परिशद ऊना द्वारा 2007 में हिमाचलश्री साहित्य पुरस्कार से
सम्मानित।
अन्य: अर्की-धामी ग्राम सुधार समिति और ग्याणा मण्डल विकास संस्था के अध्यक्ष पद पर रहते हुए समाज
सेवा तथा विभिन्न कर्मचारी यूनियनो, एसोसियषनों में अनेक गरिमामय पदों पर सक्रिय भागीदारी।
अर्पणा(साहित्यिक एवं वैचारिक मंच) के अध्यक्ष पद पर भी कार्य।

अब सरकारी सेवा से निवृति के बाद लेखन के इलावा पैतृक गांव ग्याणा में खेती-बाड़ी में संलग्न।

सम्प्रति: हि. प्र. सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग, षिमला में सम्पादक पद पर से फरवरी,2005 में सेवा निवृत ।

सम्पर्क: 1. 2-हरबंस काटेज, संजौली, षिमला-171006।
2. गांव ग्याणा, डाकधर मांगू, वाया दाड़ला घाट, तहसील अर्की, जिला सोलन, हि. प्र.
मोबाइल: 094184-78878




बद्री सिंह भाटिया, 2-हरबंस काटेज, संजौली, शिमला-171006

2 टिप्‍पणियां:

सुभाष नीरव ने कहा…

बद्री सिंह भाटिया हिंदी के एक बहुत ही सुलझे हुए कथाकार हैं। उनकी कहानियां अपने समय और समाज के सच को व्यक्त करती कहानियां हैं। मैंने उनकी कई कहानियां पढ़ी हैं। उनकी कहानियों का मनोविज्ञाज और बात को बहुत बारीकी से कहने का उनका ढंग उन्हें एक समर्थ कथाकार बनाता है। ब्रह्मफांस कहानी से पाठक को इस कथाकार की रेंज और शक्ति का बखूबी पता चलता है। बधाई ।

बलराम अग्रवाल ने कहा…

बद्रीसिंह भाटिया मानव-मनोविज्ञान के कुशल चितेरे हैं। वे अपने क्षेत्र की अनेक रूढ़ियों और परम्पराओं को भी अपनी कहानी का कथ्य बनाकर उनपर प्रहार करते हैं लेकिन बिना किसी शोर-शराबे के। 'ब्रह्मफांस' में भी इस सत्य का भास पाठक को मिलता चलता है। बहुत अच्छी कहानी आपने वातायन के लिए चुनी है।