रविवार, 6 मई 2012

कविता










अनिलप्रभा कुमार की तीन कविताएं

१.वारिस
मैं दिन-भर हंसता हूं
दूसरों को भी हंसाता हूं
श्याम-पट पर लिखे
शब्द और आँकड़े
सब समझता हूं
विद्यार्थी हूं न।
वह एक झपाटे से
मिटा देता है सब-कुछ,
सिर्फ़ धुंधली-सी सफ़ेदी
रह जाती है
मेरी ज़िन्दगी की तरह।

शाम को फिर से शुरु करता हूं
जीने का दूसरा दौर,
दिन की हंसी की क़ीमत
भी तो चुकानी है।
कोई कहता है
कितना प्यारा गड्डा पड़ता है
तुम्हारे गाल पर।
मैं चौंक कर
छिटक जाता हूं
जैसे किसी ने
दाग़ दिया हो जलती सलाख से।
मिटाना चाहता हूं इसे
मुझे जन्म देने वाली की
यह निशानी है,
और मुझे नफ़रत है
इस तरह के निशान से।

रात गए लौटता हूं
अपने निशानों की
इसी दुनिया में।
एक बेगाना देश
एक अजनबी शहर
लैम्प की रोशनी परछाईयां बनाती है
छत पर, दीवारों पर।
और मैं अकेला लेट कर
सोचता हूं
यह कौन-सी छत है
यह किस की दीवार है?
डरने पर आवाज़ दे सकूं
वह मेरी जननी कहां है?
जिसे थामकर खड़ा रह सकूं
उस जनक का
कंधा कहां है?
मैं अकेला
जूझता हुआ
रोज़मर्रा की ज़िन्दगी
के थपेड़ों से
मुखौटे बदल –बदल कर
अभिनय करते –करते
थक गया हूं।
पस्त होकर ढूंढता हूं
अपने-आप को।
मैं कौन हूं ?
मैं कहां हूं?

मुझे याद आता है
एक घर
जिसे सिर्फ़ तोड़ा ही नही गया
नोच-नोच कर
चिन्दी- चिन्दी करके
ध्वंस किया है
उसी के रहने वालों ने।
फिर वह उड़ गए
अलग-अलग दिशाओं मे
अपना- अपना
नया घर बनाने।
मैं
उसी घर की
राख का तिलक लगाए
प्रेत सा भटकता हूं
इस बेगाने देश में
इस अजनबी शहर में
जहां कोई नहीं जानता
कि मैं वारिस हूं
उसी टूटे घर का।                            
२. उजाले की क़सम
वो बेशुमार औरतें
सदियों से
उस बन्द गड्ढे में रहती हैं।
पत्थरों की छत से
फूट न जाए सर
कंधे झुका कर चलती हैं।
चारों तरफ़ सांपो की जीभें
लपलपाती  हैं,
डर से न वो बोलती हैं
न कुछ बताती हैं।
एक दिन किसी ने
पत्थर में सूराख करके
सूरज को देख लिया,
उजाले की क़सम खाई
उसे लाना होगा।

धीरे -धीरे,
औरतो का वो झुंड
मशाल उठाए
गड्ढे से ऊपर उठता है
और आगे बढ़ता है।
दलदल में गिरती हैं ज़्यादातर,
कुछ आगे बढ़ती हैं
पीढ़ियों से वह सरक रहीं हैं,
घायल टूटी हुईं
सूरज को देखती हुईं।

मैने आगे बढ़कर
थाम ली है गिरती मशाल
अपनी मां के कांपते हाथों से।
वह मुस्कराती है
फिर घबराती है
देखो जल न जाना।
जानती हूं
जलना तो होगा ही।
अपनी पीढ़ियों का
क़र्ज़ है मुझ पर
सूरज को लाना तो होगा ही
मैं न सही
मेरी अगली पीढ़ी ही सही,
उजाले की क़सम जो खाई है।

३. अकेलापन


एक बड़े शहर की सड़कों पर
आदमी को निगलता हुआ
भीड़ का सैलाब।
सभी अजनबी चेहरे,
धक्के पर धक्का
पांव पर पांव।

ज़मीन के नीचे रेंगती मैट्रो
तेज़ क़दमों की होड़,
चढ़ती हुई सांसें
अन्धेरा और सीलन,
चीत्कारता हुआ शोर।

थके -हारे क़दमों को
घसीटता,
घर लौटता
कोई आदमी।

चुपचाप, खाना डाल
कभी कम्पयूटर में डूबता है
और कभी
दूरदर्शन के पात्रों में
ढूंढता है साथ।

कोई बींधती सी
बे-आवाज़ सिसकी
आंखों के खारे पानी से
गटक कर/ सोचता है,
इस भीड़ के सागर में
अपने-अपने,
एकांत टापू पर खड़ा,
कितना अकेला
कितना उदास है आदमी।

-0-0-0-0-



परिचय

डॉ अनिल प्रभा कुमार
जन्म: दिल्ली में।
शिक्षा:   "हिन्दी के सामाजिक नाटकों में युगबोध" विषय पर शोध।
लेखन: 'झानोदय' के 'नई कलम विशेषांक में 'खाली दायरे' कहानी पर प्रथम पुरस्कार |
कुछ रचनाएँ 'धर्मयुग' 'आवेश', 'झानोदय' और 'संचेतना' में भी छ्पीं।
न्यूयॉर्क के स्थानीय दूरदर्शन पर कहानियों का प्रसारण। पिछले कुछ वर्षों से कहानियां और कविताएं लिखने में रत। कुछ कहानियां वर्त्तमान - साहित्य के प्रवासी महाविशेषांक में भी छपी है।
 हंस, अन्यथा, कथादेश, हिन्दी चेतना, गर्भनाल, लमही,शोध-दिशा और वर्त्तमान– साहित्य पत्रिकाओं के अलावा, “अभिव्यक्ति”के कथा महोत्सव-२००८ में “फिर से कहानी  पुरस्कृत हुई।   
“बहता पानी” कहानी संग्रह भावना प्रकाशन से प्रकाशित।
नया कविता- संग्रह प्रकाशन के लिए लगभग तैयार।
संप्रति:  विलियम पैट्रसन यूनिवर्सिटी, न्यू जर्सी में हिन्दी भाषा और साहित्य का प्राध्यापन और लेखन।
संपर्क:  aksk414@hotmail.com
119 Osage Road, Wayne NJ 07470.USA

शनिवार, 5 मई 2012

कहानी











बेघर

सुमति सक्सेना लाल                              
  
    कल से ऐसा लग रहा है जैसे एक बार फिर से ज़िंदगी उलट पुलट हो गयी है। कल अप्पू ने आकर किसी बहुत पुराने ज़ख्म को खुरच कर खोल दिया जैसे। डिपार्टमैंट में पहुंच कर कॅधे से पर्स उतार कर रख ही रही थी कि अप्पू अंदर आयी थी। गोरा रंग,भरा सा शरीर । लगा था देखा है इसे कहीं। मेरे  चेहरे पर उलझन देखकर वही बोली थी,‘‘भाभी मैं अप्पू’’ उसके चेहरे पर असंमजस डर, दर्द सब कुछ था।
    कुछ क्षण के लिए मैं उलझन में पड़ी थी पर फिर मुझे समझने में देर नहीं लगी थी और मैं अचंभित रह गयी थी,‘‘अरे अप्पू तुम ?’’ लगा था मेरा मन तय नहीं कर पा रहा है कि इस क्षण मुझे कैसा लगना चाहिए। फिर लगा था कि आंसुओं का एक सैलाब सीने के अंदर उछालें ले रहा हो।
    हम दोनों ही आमने सामने काफी देर तक चुपचाप बैठे रहे थे। लंबे असमंजस के बाद मैं बात शुरू कर पायी थी,‘‘कैसी हो अप्पू?’’ मैंने पूछा था।  
    अप्पू नें अपनी गोदी में पड़ी निगाह को मेरी तरफ उठाया था,‘‘ठीक हूं’’ वह कुछ क्षण चुप रही थी,‘‘आप कैसी हैं ?’’ फिर लगा था जैसे अपने आने की माफी मांग रही हो,‘‘लखनऊ आयी थी तो किसी ने बताया कि आप यूनिवर्सिटी में पढ़ा रही हैं तो मन नहीं माना और बहुत हिम्मत करके आपसे मिलने चली आयी।’’ अप्पू की आंखों में भीगापन है।
     समय की गर्त में दब गया बहुत कुछ एक साथ सामने आकर खड़ा हो गया था। मुझे अपने आप को संयत करने की कोशिश करनी पड़ी थी। मेरे स्वर में शिकायत भर गयी थी,‘‘अप्पू सुधीर ने ऐसे डाइवोर्स के कागज़ भेज दिये थे तब किसी को मेरी याद नहीं आयी थी ? बाबू जी, अम्मा जी, छोटे भैया, तुम्हे, किसी को भी नही ? क्या मैं कुछ भी डिजर्व नहीं करती थी?’’
     अप्पू ने एकबार उलझन भरी निगाह से मेरी तरफ देखा था। वह बोली थी तो उसकी आवाज़ कांप रही थी,’’भाभी भैया तो फौरन ही आपके पीछे-पीछे आपको मनाने के लिए लखनऊ आए थे। अम्मा-बाबू ने भी कितनी कोशिश की थी बात करने की। पर अंकल ने कह दिया था कि आप किसी से मिलना नही चाहतीं,बात भी नही करना चाहतीं।’’अप्पू की आखों में आंसू भरने लगे थे ‘‘भैया ने आपको बाबू की डैथ की ख़बर दी थी। पर….’’ उसकी आवाज़ एकदम से भर्रा गयी थी और आंखों में रुकी आंसुओं की परत गालों पर उतर आयी थी।
      मैं सन्न रह गयी थी ‘‘अरे क्या हुआ था बाबू को ?’’
   अप्पू ने मेरी तरफ देखा था। पर उसने मेरे सवाल का कोई जवाब नहीं दिया था। मेरे दिल में एक हूक सी उठी थी। पापा आपने यह क्या कर दिया। आंसुओं मे भीगी अप्पू की आवाज़ कांपने लगी थी,‘‘अम्मा आखिर तक इस दुख से नहीं उबर पाईं।’’
   मेरी  ज़ुबान तक आया था पूछूं और सुधीर? पर चुप रही थी। अब क्या कहूं, क्या पूछूं, क्या शिकायत करूं। फिर किससे ? सुधीर अब किसी और के पति हैं। पापा अब इस दुनिया में नही हैं। मन में एक हूक उठी थी। यह क्या हो गया। क्यों होने दिया मैंने ऐसा ? कुछ नही कर सकती अब मैं। तब क्यों नही समझी थी मैंने यह बात कि पापा के लिए सुधीर दामाद होने से पहले एक बहुत जूनियर आई.ए.एस. अफसर थे जिसकी उदंडता को वह माफ नहीं कर सकते थे। शायद पापा सुधीर को सबक सिखाना चाहते थे। पर मेरी बलि चढ़ गयी । या पापा ने शायद सोचा ही नही होगा कि उनसे बार बार झिड़की खा लेने के बाद सुधीर मौन साध लेंगे और अपना रास्ता बदल लेंगे। शायद पापा ने यह भी नहीं समझा होगा कि सुधीर के बग़ैर मेरा जीवन इस कदर अधूरा हो जाएगा।
            
   सुधीर से मेरी शादी पापा की ज़िदगी की पहली हार थी। वह इस रिश्ते में शुरू से अपने आप को शह की स्थिति में समझ रहे थे पर संबधो की बिसात पर वे अन्जाने ही मात खा गए थे। वह पहली बार ज़िदगी के हिसाब किताब में गड़बड़ा गए थे। पापा मेरी शादी तय करके आए थे तो  मौसा जी हैरान रह गए थे,‘‘कैसी बात कर रहे हैं भाई साहब ? अपनी वसु को आपने इतने नाज़ नखरे से पाला है। बरेली का वह इलाका देखा है आपने ? गंदगी के नाले बहते हैं वहां।’’

   पापा ने हॅस कर बात टाल दी थी,‘‘अरे अनिल लड़का देखोगे तो खुश हो जाओगे। दरवाज़े पर रौनक हो जाएगी। गोरा चिट्टा छह फुट का, हॅसता चेहरा। पहले अटैम्प्ट में आई.ए.एस. में आ गया। आल इन्डिया थर्ड रैंक। मुझे तो जिस दिन कर्टसी कॉल देने आया था मैंने तो उसी दिन छांट लिया था उसे। हैसियत लड़के की देखी जाती है। बाप की नहीं।’’पापा ने मौसा जी की तरफ बड़ी अर्थ भरी निगाहों से देखा था, ‘‘हम लोगों की शादी भी इसी बूते पर हुयी थी न और हम लोग भी खु़श रहे ही और हमारी बीबियां भी।’’ वे फिर धीमें से फुसफुसाए थे जैसे ज्ञान की बात बता रहे हों ‘‘स्टेटस में बहुत फर्क हो तो लड़के ही घर वालों से कहां रिश्ता रखते हैं ज़्यादा दिन तक।’’ मौसा जी एकदम सकुचा गये थे।उन्होंने खिसियायी निगाहों से मेरी तरफ देखा था और चुप रहे थे। बोलते भी क्या? नाना आई.सी.एस. थे। बजरंगी लाल आई.सी.एस. के चर्चे ब्यूरोक्रैसी में आज भी चलते हैं। उन्होंने मम्मी और दोनो मौसियों की शादी ग़रीब घर के होनहार लड़कों से की थी। शायद यह उनकी प्रखर बुद्धि का पारिवारिक प्रशासन था। तीनों ही दामादों नें अपने परिवारों से कोई रिश्ता नहीं रखा था। तीनो ही बजरंगी लाल के आज्ञाकारी रहे और तीनों के ही घर पर उनकी पत्नियों का शासन चलता था। पर सुधीर ने बहुत ही ईमानदार और समझदार तरीके से शादी से पहले ही मुझ को अपने परिवार की हैसियत, उसकी सीमाएं,समस्यायें,असुविधाएं,दोनों परिवारों के बीच का अन्तर, अपने माता पिता के त्याग, सब अच्छी तरह से समझा दिए थे। मुझ को सुधीर बहुत ज़्यादा अच्छे लगे थे।
       शादी के बाद मैं बरेली आती तो परेशान हो जाती पर उस घर की असुविधांओं को मैंने कभी शिकायत नहीं बनने दिया। अपने मन के सामने तक नहीं । वैसे भी सुधीर मेरे मन को पहले से ही तैयार कर चुके थे इसलिए मेरे पास शिकायत करने का कोई कारण नही था। पर एक साल बीतते न बीतते पापा बौखलाने लगे थे। उनके सब्र का बांध टूटने लगा था। न उन्हें बरेली वालों का मेरे  पास जा कर रहना ही अच्छा लगता था और न उन्हे सुधीर का मुझे  लेकर बार बार बरेली जाना ही। मैं बड़ी मुश्किल से पापा को शांत कर पाती थी। पर कब तक?  
         
   आज ज़िन्दगी टुकड़े-टुकड़े में मेरी आखों के आगे घूम रही है। कभी लगता कितनी पुरानी बात हो। जैसे पिछला जनम था वह। कभी लगता सब कुछ आखों के सामने है। अभी अभी बीता है या बीत रहा है, पापा,मम्मी,सुधीर और मेरी शादी। लगता जैसे सुधीर का अहसास मन के आसपास छू रहा है कहीं। सुधीर की याद और तोड़ रही है मन को जैसे किसी पराए पुरुष को याद कर रही हूं मैं। कोई इंसान जो इतना अपना था, इतना निकट, वह अचानक इतना पराया कैसे बन गया ? कहां चला गया वह ? इसी दुनिया में कहीं। पर उसे पुकार नही सकती। उसे छू नही सकती। सुधीर के संग की चाहना मन को मथने लगती है। मन में अजीब सी तड़पन होती है। लगता है कहीं से किसी तरह से पा लूं सुधीर को। आज नये सिरे से मलाल उपजता है कि जब मैं बुला सकती थी सुधीर को तब क्यों मान किए बैठी रही। क्यों सुधीर, अम्मा ,बाबू जी के आने का इंतज़ार करती रही? किसलिए ? तब क्यों नही समझा था कि पापा ऐसा कर सकते थे। समझ ही नही आता कि कैसे उस एक क्षण ने सब कुछ नष्ट करके रख दिया और मैं चुप रही। वैसा होने देती रही, क्यों ? अब कुछ नही किया जा सकता। मेरे और सुधीर के बीच तो बड़ा मधुर सा रिश्ता था। मेरी दुनिया तो सुधीर के ही आसपास घूमती थी। तब लगता था कि सौ साल भी जीएंगे तब भी ऐसा ही प्यार करते रहेंगे, एकदम ताज़ा, हर पल नया नया सा। तब लगा था कभी बूढ़ा नहीं हो सकता मेरा प्यार। तनाव तो पापा और सुधीर के बीच हुआ था। शायद पापा ने सुधीर के पिता के लिये कुछ अशोभनीय कह दिया था। यह भी कहा था कि‘‘उस गन्दे घर में वह वसु को लेकर बार-बार मत जाया करो।’’ और सुधीर आपा खो बैठे थे। उस क्षण सुधीर यह भूल गये थे कि वे मेरे पापा और प्रांत के सीनियर सैकरेट्री हैं।
   पापा से बहुत कुछ कह कर सुधीर घर के अन्दर आए थे तो मैं भी पीछे पीछे आ गयी थी। सुधीर भीतर आ कर भी बड़बडाते रहे थे और गुस्से में कुछ भी बोलते रहे थे। मुझ को अच्छा नहीं लगा था। दो सालों में पहली बार मेरा स्वर सुधीर से बिगड़ा था,‘‘सुधीर मांइण्ड योर लैन्गुएज।’’
   हम दोनो में कहा सुनी हुयी थी। सुधीर उत्तेजित हो गये थे। उनका हाथ मेरे ऊपर पड़ा तो नहीं था पर उठा तो था ही। मुझे कुछ देर के लिए तोड़ देने के लिए उतना ही काफी था। सारी स्थितियों का विश्लेषण और विवेकीकरण तो मैं बहुत बाद में कर पायी थी। मैं बाहर के कमरे में पापा के पास आ कर बैठ गयी थी। पापा ने मुझ से चलने के लिये कहा था और मैंने अपनी अटैची ठीक कर ली थी। आज सोचती हूं मैंने वैसा क्यों किया ? मैं रुक कर सुधीर से बात कर सकती थी।उनसे पापा के कहे की माफी मांग सकती थी। सुधीर जिस ढंग से पापा से बोले थे उसके लिए उनसे झगड़ा कर सकती थी,उनसे रूठ सकती थी।पर मैं ऐसे चल क्यों दी?
   तब लगा था कि एकाध दिन में सुधीर मेरे पीछे-पीछे दौड़े भागे आएंगे। मुझे मनाएंगे। पर कुछ भी नहीं हुआ था और मैं मूर्खों की तरह पापा की ‘बिगर दैन लाइफ ईगो’के तले मान किए बैठी रह गयी। नहीं। सुधीर से मान रखने जैसी कोई बात नहीं थी मन में। बस मैं पापा को लांघ कर लौटने का साहस नहीं कर सकी थी। शायद ठीक कहती है मीनाक्षी कि ‘‘पापा वह ‘वट वृक्ष’ थे जिनके साए तले तुम और भैया पूरी तरह से ‘ग्रो’ किए ही नही। एम.ए., पी.एच.डी.करना भी कोई ‘ग्रो’ करना होता है।’’
   पापा ने मुझे सोचने का समय नहीं दिया था। जल्दी ही यूनिवर्सिटी में रिसर्च ज्वायन करा दी थी। रिसर्च पूरी भी नही हो पायी थी कि सुधीर के भेजे डाइवोर्स के कागज़ मिले थे। बहुत तकलीफ हुयी थी। पर मैने दस्तख़त कर दिये थे। लगा था सुधीर यही चाहते हैं। मेरी यूनिवर्सिटी में नौकरी लग गयी थी। तभी सुधीर की शादी की ख़बर मिली थी। कुछ दिनों तक मैं बहुत रोयी थी। पर सुधीर मन से दूर जाने लगे थे। पापा अपनी तरह से मेरी ज़िदगी प्लान कर रहे थे। एकदम स्मार्ट,भरा पुरा-सा सक्षम जीवन। जीवन में एक पुरुष नहीं हुआ तो क्या और भी तो बहुत कुछ है। पापा ने कुछ ऐसा ही समझाया था मुझे।
                  
   उन दिनो पापा कानपुर में घर बनवा रहे थे। पूरे एक बीघे के प्लाट पर। वह उनका ड्रीम प्रोजेक्ट था। जैसे उन दिनो वे सपने भी घर के ही देख रहे थे,‘‘उसी घर मे वसु तुम्हारे लिए भी एक एनैक्सी बनवा देते हैं।’’
   पापा कितना ख्याल करते हैं। सोच कर मैं निहाल हो गयी थी। मैंने इस बारे में काफी सोचा था, फिर मना कर दिया था,‘‘नही पापा। पूरी ज़िदगी तो मुझे लखनऊ में रहना है। शुरू से यहीं हूं। फिर रिटायर हो कर कानपुर जा कर क्या करूंगी। मेरे सारे मित्र और परिचित तो यहीं हैं।’’
   ‘‘दीदी अलग क्यों रहेंगी। कानपुर रहेंगी तो मेरे साथ ही रहेंगी’’ भइया ने विरोध किया था।
   मैं एकदम खुश हो गयी थी। यह छोटे-छोटे भरोसे बहुत हिम्मत देते। भइया से भी ज़्यादा ख्याल करने वाली अंजलि। कितनी बार तो ऐसा होता कि भैया से संवाद अंजलि के माध्यम से होता। मेरी इच्छा आवश्यकता वही भैया तक पहुंचाती और वही उसे पूरा भी कराती।
   खैर घर के प्रश्न पर पापा निश्चिंत हो गये थे। लखनऊ में एलाटमैंट का घर है ही, फिर किस बात की चिंता। एकदम शहर के बीच में चार बैडरूम की कोठी। पापा दूरदर्शी थे। सर्विस में रहने के लिए एक से एक कोठियां मिलीं पर उन्होंने घर एलॉट करा लिया था। फिर इसे कभी नहीं छोड़ा था। कहते कभी तो रिटायर होना ही है, फिर कोई रहने के लिए सरकारी कोठियां नहीं मिलेंगी। सो लखनऊ मे रहने का एक ठिकाना पक्का कर लिया था उन्होने। बिल्कुल सही प्रंबध हो गया था। भइया के लिये कानपुर वाला घर और मेरे लिये एलाटमैंट का यह घर। मै बहुत खुश थी इस व्यवस्था से। रिटायरमैंट के बाद पापा-मम्मी कानपुर चले गए थे। चार बैडरूम के इस घर में न जाने कितने परिवर्तन पापा-मम्मी कराते रहे थे और इन सालों में न जाने कितने बदलाव मैंने अपनी सुविधा और शौक के लिये कराये हैं। माडर्न बाथरूम, धीरे-धीरे करके लगभग सारे घर की नयी फ्लोरिंग, किचन मे टाइल्स और ग्रेनाइट। एलाटमैंट का घर तो पीढ़ियों तक अपना ही होता है। पर मुझे पीढ़ियों की बात कहां सोचनी है, मेरे बाद किस्सा ख़तम। पर पापा इसी बात पर अटक गए थे। इसे सरकार को क्यों दिया जाएगा ? इतना अच्छा घर, प्राइम लोकेशन, इस घर पर लाखों रुपये हम सब के लगे हैं और तय हुआ था कि ज्वायंट एलाटमैंट में पापा के साथ मेरा नहीं यश का नाम पड़ेगा। भगवान उसे लंबी उमर दे पर किसी भी हालत में घर हाथ से नहीं निकलेगा। पापा के बाद भैया, फिर दीप, फिर ’’ और भैया का नाम डलवा कर पापा निश्चिंत हो गए थे।

   मैंने बहुत चाहा था कि मैं आहत न महसूस करूं...पर मन में कुछ चुभा था। कई दिनों तक मैं बेचैन रही थी जैसे कुछ छिन गया हो। कितने एहसास ऐसे होते हैं जिन्हे हम सोचना नहीं चाहते पर वे हमारे दिल दिमाग पर हावी हो जाते हैं। मैंने अपने आप को समझाना चाहा था कि कागज के एक टुकड़े से फर्क ही क्या पड़ता है? फरक पड़ा भी नहीं था। पूरा घर तो मेरा ही है। मैं ही रहती हूं यहां और मेरी ही इच्छा से चलता है सब कुछ । यह घर मेरा ‘प्राइड पोसेशन’ है। गेट पर गाड़ी रोक कर जिस समय मैं हार्न बजाती हूं और सतवंती के बच्चे दौड़े हुए आते हैं तो अच्छा लगता है। लाल बजरी की सड़क पर सरकती हुयी कार सामने के बराम्दे के आगे आकर ठहर जाती। अन्दर जाते जाते तक मैं न जाने कितने निर्देश दे चुकी होती। कभी माली को,कभी राम सिंह को और कभी सतवंती को। हर दिन तो अपने इस घर में आती हूं पर हर बार नए सिरे से सब कुछ बहुत अच्छा लगता है। एकदम अकेले अपने बूते पर अपनी ज़िदगी को बहुत शान से जीने का आत्म विश्वास भी। पापा-मम्मी ने तो पूरा घर ही छोड़ा है। सजा सजाया,फर्नीचर, क्राकरी,कालीन,सब कुछ। पर फिर भी मै तो घर में कुछ न कुछ कराती ही रहती हूं। किसी न किसी तरह से उसे सजाती और संवारती ही रहती हूं। मेरी मित्रें मुझे ‘हाउस प्राउड’ कहती हैं।

                                          
   मैं अक्सर बैठै बैठे अपने सुख दुख का हिसाब करती रहती हूं। सोचती हूं भाग्य ने कितना कुछ मुझसे छीन लिया। पर कितना कुछ दे भी दिया। यूनिवर्सिटी की यह नौकरी,लखनऊ का अपना यह घर,भैया और अंजलि जैसे भाई भाभी और दीप। दीप तो मेरा ही बेटा है। क्लास टू से लेकर ग्रैजुएशन तक मेरे पास रहकर पढ़ा है। अंजलि आयी होती तो भी अपनी छोटी-बड़ी ज़रूरत के लिए मेरे ही आगे पीछे लगा रहता और मेरी दुनिया दीप के चारों तरफ। अंजलि और भैया के बहुत से एहसान हैं मेरे ऊपर। सबसे बड़ा उपकार तो दीप को मेरे पास छोड़ देना ही है। ऐसे हर कोई अपनी पहली औलाद को किसी के पास छोड़ सकता है कहीं?
   पापा-मम्मी के निधन के बाद भैया मेरा कुछ अधिक ही ख़्याल रखने लगा है। हर छुट्टी से पहले ही कानपुर से मुझे लेने के लिए गाड़ी आ जाती है। परिवार का कहीं भी कोई कार्यक्रम बनता तो मैं उसमें अवश्य शामिल की जाती हूं। अपने काम के सिलसिले में भैया लखनऊ आता ही रहता है,तब अंजलि अपने फार्म से ढेर-ढेर सामान भेजती है, अनाज,फल सब्जी, अपनी डेयरी से घी,पनीर,सब कुछ। मेरा घर भरा पुरा सा रहता।
     
   लखनऊ विकास प्राधिकरण का नोटिस आया है कि उसके अन्तर्गत आने वाली सभी सम्पतियों का निस्तारण ‘‘न लाभ ,न हानि की नीति’’ पर किया जा रहा है । सभी आवंटी बहुत खुश हैं। सूचना मिलते ही भैया भी आए थे। एल.डी.ए. की भाग  दौड़ शुरू हो गयी थी। एक करोड़ से ऊपर की इस सम्पति का मूल्यांकन मात्र बारह लाख रुपये हुआ है। भैया और दीप में बहस चलती रही थी। भैया का कहना था कि यह एक छोटी- सी रकम है, इसे एक साथ निबटा दिया जाए। दीप की राय थी कि हम उतना भी एक साथ क्यों तोड़े। हमें लोन लेना चाहिए। बीच-बीच में अंजलि भी अपनी बात कहती रही थी। उस उल्लास, उस वाद-विवाद में मुझे तो किसी ने शामिल किया ही नही था। बहुत प्रयास करने पर भी मैं स्वंय भी सम्मिलित नहीं हो पायी थी। सारे समय मैं मौन ही रही थी। मैं तो आज तक इस घर को अपना ही समझती रही थी। यही तो कहा था पापा ने। पर ख़रीदने वाली बात पर भैया ने मुझसे कोई राय की ही नहीं। इतने पैसे की हैसियत तो मेरी भी थी।
   कई दिन तक मैं बेचैन रही थी। कई रातों मैं ठीक से सो नही पायी थी। कई बार जु़बान तक आया था कि में भैया से कह दूं कि ‘‘यह घर पापा ने  मेरे लिए दिया था.’’ पर कहने की हिम्मत ही नही पड़ी थी। मुझे डर लगा था कि कहीं भैया नाराज़ हो गया तो? कहीं भैया ने अपना कानूनी हक बता दिया तो क्या करूंगी? तब तो रिश्ते ही दरक जाऐंगे। इस चोट को मैं बर्दाश्त नही कर सकूंगी। मैं चुप रही थी पर मन जैसे क्षत-विक्षत हो गया था। भैया ने अपने और अंजलि के संयुक्त नाम से घर खरीदा था। एक कसक हुयी थी मन में। भैया मेरा नाम भी तो डाल सकता था। तब मैं शायद थोड़ा कम अकेला महसूस करती। वैसे भी मेरा तो सभी कुछ भैया और दीप को ही जाना है। फिर भैया मेरा नाम डालने में क्यों डर गया? शायद भैया ने सोची ही नही वह बात।

   घर अभी भी पहले की तरह मेरी ही इच्छा और आदेश से चलता है। कौन सा बल्ब शेड कहां लगेगा? क्यारियां कहां बननी है? ‘ड्राइव वे’ लाल बजरी का बनेगा या काले कांक्रीट का? सभी तो मैं ही तय करती रही हूं और अभी भी मैं ही तय करती हूं। फिर भी लगने लगा है मेरी मुट्ठी ख़ाली है। जैसे घर का बोझा कंधे पर ढो रही हूं मैं। कभी यह भी लगता जैसे कि मेरी राय मांगने का,मेरा आदेश और इच्छा मानने का कोई एहसान मुझ पर किया जा रहा है। कभी कभी मन में बेहद पीड़ा होती है कि ‘‘पापा यह मेरी कैसी व्यवस्था करके गए हैं। मेरे अपने ही घर को मेरी शरणगाह बना दिया उन्होने। उस शरण के लिए कितने एहसानों में दबी हूं मैं। चाहूं तब भी मुक्त नही हो सकती हूं। इन एहसानों के बोझ को ढोते ढोते थक गयी हूं मैं। अब मन करता है सब मुक्त कर दें मुझे । लगता है अब अंजलि कह दे मुझसे कि, ‘‘दीदी यह घर हमारा है, इसे हमारी तरह से चलने दीजिए।’’ पर कहां कभी कोई ऐसी आधी बात भी तो नहीं करता। लगता जैसे सब अपनी भलाई का खाता भर रहे हैं। भलाई न. एक, भैया ने। भलाई न. दो, अंजलि ने। भलाई न. तीन,दीप ने। अभी तो इस भलाई के कालम और भरेंगे। अभी तो दीप की बहू आएगी। फिर उसके बच्चे। मेरा रजिस्टर एकदम ख़ाली है। वह सिर्फ एहसानों से भरा हुआ है। एहसान न.एक, दो., तीन.,चार., फिर…फिर। सब कुछ करती हूं सबके लिए फिर भी एहसानों के बोझ तले दबी हुयी हूं।
   न जाने क्या हो गया है कि आजकल बात बात पर और अक्सर बेबात भी आंखें भर आती हैं। लगता जैसे पैर के नीचे अपनी कोई ज़मीन नहीं,सिर के ऊपर अपनी कोई छत भी नहीं। जैसे परायों के साए तले खड़ी हूं। निपट अकेली। पापा याद आते हैं। सुधीर बार बार निगाहों के आगे आकर खड़े हो जाते हैं। जीवन में दोनो की ही कमी खलती है। दोनों से ही अलग अलग झगड़ा करती रहती हूं।
  
  कोई भी तो नहीं ऐसा जिससे कुछ कह सकूं। भैया से भैया की क्या शिकायत करूं ? अंजलि से क्या कहॅं कि मैं सब से आहत हूं। इस दुनिया से चले गए पापा से भी। एक मीनाक्षी बचती है जिससे सब तरह की बात कर लेती हूं। जिससे अपना सुख दुख, अपना अकेलापन सब बांट लेती हूं। तीस साल पुरानी मित्रता है उससे। पर, पर वह भी तो नहीं समझ पाती मेरी पीड़ा और मेरी हार को। कभी कहती है,‘‘जब भैया और अंजलि इतना प्यार और मान देते हैं तो फिर इतना क्यों परेशान हो ?’’ कभी कहती है,‘‘जब मन पर इतना बोझा महसूस करती हो तो क्यों इस तरह से अपने आप को टार्चर कर रही हो। अपना अलग घर ले लो।’’   पर मैं क्या करूं? मैं तो जैसे ट्रैप्ड हॅं।क्या कहूं भैया और अंजलि से कि घर छोड़ कर क्यों जा रही हूं। उनके प्यार और सम्मान का प्रतिदान ऐसे रूठ कर कैसे दे सकती हूं।
                     
   धीरे धीरे भैया का व्यापार बढ़ता जा रहा है। उसी अनुपात में उसका लखनऊ आना भी । शुरू में मुझ को बहुत अच्छा लगता था। जैसे मैं अकेली नहीं हूं। एक भरा पुरा परिवार है मेरे पास। अब इधर काफी समय से भैया महीने में औसतन दस दिन तो रहता ही है। साथ में ड्राइवर, स्टैनो और चपरासी। कभी-कभी अंजलि और दीप भी। घर का हर कोना भराभरा-सा हो जाता है। कभी-कभी घर एकदम पराया सा लगने लगता जैसे घर में मेरे लिए जगह ही न बची हो। मेरी ज़िदगी उतने दिनो के लिए अपने कमरे और किचन तक सिमट जाती है। नाश्ते खाने से लेकर मिलने आने वालों के लिए चाय काफी और ठण्डा भिजवाते मैं थकने लग जाती हूं। पस्त हो रही हूं मैं तन से, मन से। सच कहूं तो धन से भी । कहने को तो पूरा घर मेरा है। पर मेरी हस्ती तो धीरे धीरे मेरे ही घर के एक कमरे में सिमटती जा रही है। कोठी के गेट पर भैया और उसके नाम की प्लेट पहले से लगी है। अब  एक तख़्ती दीप के नाम की भी लग गयी है। साथ में ‘यश कन्सलटैंट’’ का एक बड़ा सा बोर्ड। बाहर से ही घर पराया-सा लगने लगा है।
   दीप को मेरे पास से गए पांच साल हो चुके हैं। अब वह बड़ी दक्षता से भैया का काम संभाल रहा है। इन सालों में न जाने क्या हुआ है कि दीप पराया सा लगने लगा है। शायद समय की दूरी रिश्तों को धुंधलाने लगी है। आता है तो बीच में अपनेपन की कोई उष्मा आ ही नहीं पाती। मुझे लगता जैसे कौए की तरह परायी संतान को अपने डैनों के नीचे अपने सीने से लगाए गफलत मे जी रही थी। पंख पनपते ही वह तो अपने घोंसले में पहुंच गया। पता नहीं क्यों लगता है जैसे दीप का स्वर औपचारिक होने लगा है। जैसे अपनापन जताने की उसे कोशिश करनी पड़ रही है। लगता है जैसे उस कोशिश से थक रहा है वह। मैं भी थकने लगती हूं। मैं अक्सर अपने मन को समझाती हूं कि अब बड़ा हो गया है दीप। अपने पैरों पर खड़े हो कर लड़के ऐसे ही हो जाते हैं। अपना बेटा होता तो क्या वह भी ऐसा ही हो जाता, पराया सा। शायद हो ही जाता ।

   यूनिवर्सिटी से आकर मैं लेटी ही थी कि दरवाजे़ पर आ कर सतंवती खड़ी हो गयी थी, ‘‘दीदी जी आपको भैया जी और बहू जी बुला रहे हैं।’’
   बुला रहे हैं? मतलब? मुझे अजीब लगा था ‘‘कहां हैं वह लोग?’’
   सतवंती वैसे ही खड़ी रही थी,‘‘जी, ड्राइंगरूम में।’’
   मैं ने घड़ी की तरफ देखा था,‘‘कोई आया हुआ है क्या ?’’
   ‘‘जी बहू जी के चैक वाले भैया आए हैं।’’
    मैंने  सोचा था, नवीन के आने पर मुझे क्यों बुला रहे हैं यह लोग? नवीन अंजलि का पड़ोसी था। आर्किटैक्ट है। अंजलि उसे काफी मानती है। मैं ड्राइंग रूम में पहुंची तो देखा था कि मेज़ पर कुछ कागज़ फैलाए सब लोग चारों तरफ आस-पास बैठे हैं। मुझे देखकर नवीन उठ कर खड़ा हो गया था। मेज़ के पास ही मुझे जगह देने के लिए अंजलि भी उठ कर खड़ी हो गयी थी। सब लोग बैठ गए थे तो भैया ने बात शुरू की थी,‘‘दीदी दीप के कमरे के बारे में सोच रहे थे। अब हम लोगों का यहां आना काफी होने लगा है। थोड़े समय में दीप की शादी भी होगी ही, बहू भी आती ही रहेगी।’’
   मैं दीप की तरफ देख कर हॅसी थी,‘‘तो दीप का कमरा रेनोवेट कराने की सोच रहे हो तुम लोग।’’
   ‘‘वह तो बाद की बात है।’’ भैया के चेहरे पर उलझन है,‘‘असली बात यह है कि दीप का कमरा एक तरह से घर का पैसेज है। बहू के आने पर तो वैसा चल नहीं पाएगा।’’
   ‘‘सो तो ठीक है। फिर ?’’ मैं सोच मे पड़ गयी थी । घर की बनावट कुछ इस तरह की थी कि मेरे कमरे से कहीं भी जाने के लिए दीप का कमरा पार करना पड़ता था। अभी तक न परेशानी हुयी थी न इस तरफ किसी का ध्यान ही गया था। पर अब ? मैंने भैया की तरफ देखा था ।
   भैया मेज़ पर फैले घर के नक्शे के ऊपर झुक गए थे,‘‘दो तरीके हैं।’’ भैया क्षण भर को हिचके थे,‘‘एक तो यह कि आपका और दीप का कमरा बदल दिया जाए।’’
   मैं सन्न रह गयी थी। लगा था जैसे शरीर का सारा रक्त सिर पर चढ़ कर कनपटियों पर हथौड़े-सी चोट करने लगा हो। मैंने अपने आप को कोशिश करके शांत रखा था। मैंने भैया की तरफ देखा था,‘‘और दूसरा तरीका?’’
   भैया ने घर के नक्शे पर एक जगह उंगली रखी थी ‘‘दूसरा आपके कमरे से सीधा ड्राइंगरूम में दरवाज़ा खोल दिया जाए। उस स्थिति में आप ड्राईंग रूम के थ्रू निकल सकेंगी।’’
   मैं अकारण घर के नक्शे की तरफ देखती रही थी,‘‘एक उपाय और है,’’ मैंने उसी शांत स्वर में कहा था।
   ‘‘क्या ?’’ सबने एक साथ पूछा था। सब मेरी तरफ देखने लगे थे।
   ‘‘बराम्दे के दूसरी तरफ का कमरा बिल्कुल मेरे कमरे जैसा है, उतना ही बड़ा, उसी तरह गार्डेन फेसिंग। वह उतनी अच्छी तरह मेनटेन्ड नहीं है शायद इसलिए तुम लोगों का ध्यान उसकी तरफ नहीं गया।’’
    भैया ने एकदम मेरी बात काट दी थी,‘‘नहीं दीदी। वह कमरा शुरू से गैस्ट रूम की तरह इस्तेमाल हुआ है। अगर वह कमरा दीप को दिया गया तो साइकोलाजिकली मुझे लगेगा कि मैंने बेटे बहू को घर से बाहर कर दिया।’’    
   मेरी ज़ुबान तक एकदम आया था कि ठीक है फिर वह कमरा मुझे दे दो। मगर फिर मैं एकदम डर गयी थी। लगा था कि अगर भैया फौरन तैयार हो गया तो बहुत पीड़ा होगी मन में। बहुत अपमानित-सा भी महसूस करूंगी। मैं काफी देर सोचती रही थी। सब लोग मेरी ही तरफ देख रहे हैं। मन आया था कि कह दूं, ‘‘तुम लोग जैसा ठीक समझो’’। वैसे भी जीवन में अभी तक मैं यही तो करती रही हूं। पर अनायास मेरा ‘‘मैं’’ मेरी आदत के विपरीत सीधा तन कर खड़ा हो गया था।  मुझे अपने स्वर को संयत करने का प्रयास करना पड़ा था,‘‘नहीं भैया मैं अपना कमरा नहीं छोड़ पाऊंगी। शुरू से मैं इसी कमरे मे रही हूं। मुझे उसी कमरे की आदत है।’’
   दीप अंजलि से सटा हुआ बैठा है। उसका दांया हाथ अंजलि की गोदी में पड़ा है। वह उसे बराबर थपथपा रही है। पता नहीं उसे आगे की प्रतिक्रिया से रोकने के लिए या तसल्ली देने के लिए या ऐसे ही।
   भैया ने  दीप की तरफ और दीप ने भैया की तरफ अर्थ भरी निगाहों से देखा था। लगा था जैसे दोनों निराश हुए हैं। हो सकता है उस कमरे की मांग दीप ने ही की हो। भैया ने कागज़ उठा कर नवीन की तरफ बढ़ा दिए थे,‘‘ठीक है भाई साहब, फिर आप यह दरवाज़ा खुलवा दीजिए और दीप के कमरे में एक वाल टु वाल अल्मारी बनवा दीजिए और खिड़की दरवाज़े नए करा दीजिए।’’
   एक अजब सी बेचैनी तन मन पर हावी होने लगी थी । मैं अपने मन को समझाती रही थी कि यह व्यवस्था तो होनी ही थी। भइया न सोचता यह बात तो मुझे सोचनी पड़ती। नहीं तो मुझे घर के अन्दर आवागमन बाहर के बराम्दे से घूम कर करना पड़ता। ऐसे बेटे बहू के कमरे में तो हर समय नहीं जा सकती न। फिर भी बेचैनी बनी ही रही थी। भैया और दीप की इच्छा और सुविधा में रुकावट बनी इस बात की अजब सी ग्लानि और अपने वजूद को इस घर में एकदम दूसरे दर्जे का नहीं बनने दिया मैंने इस बात का एक अजब सा सन्तोष भी।
     
   आजकल न जाने क्या हो गया है कि मैं बहुत अकेला महसूस करने लगी हूं। न जाने क्या हो गया है कि बैठे-बैठे अकारण आखें भरने लगी हैं। न जाने क्या हो गया है कि बार बार अपने मन को समझाना पड़ता है।
                               
   भैया,अंजलि,दीप और पल्लवी आए हैं। पल्लवी को लेकर दीप शादी के बाद पहली बार आया है। हफ्ते भर से मै उसके स्वागत की तैयारी में लगी हूं। बहू पहली बार आ रही है। उसके सामने सब कुछ बहुत करीने और बहुत स्टाइल से होना चाहिए। मैं ने घर की अल्मारियां तक ख़ाली करके घर की सफाई करायी है। नौकरों को अभी तक मैं सैकड़ों निर्देश दे चुकी हूं। पलंग के बैड कवर,बाथरूम की तौलियां सब हर दिन के लिए छांट  कर अलग कर दी हैं मैंने। किस दिन कौन सी क्राकरी लगेगी, क्या मेनू रहेगा सब तय कर लिया है। इस क्राकरी में से कितना कुछ मेंने ख़रीदा है, कितना कुछ मम्मी-पापा के ज़माने का है। उन लोगों के स्टाइल की छाप इस घर पर अभी तक है। पापा को गए चौदह साल और मम्मी को गए ग्यारह साल हो गये पर न जाने कितनी चीज़ों पर उनकी छुअन अभी तक बाकी है ।
   अंजलि घूम-घूम कर पल्लवी को घर दिखा रही है। इस समय दोनों बाहर के बराम्दे में खड़े हो कर बातें कर रहे हैं। पल्लवी के चहकने की आवाज़ अन्दर तक आ रही है,‘‘मम्मी अपने तो दोनों ही घर बहुत सुन्दर हैं। कानपुर वाले घर का माडर्न आर्किटैक्ट,एकदम लेटेस्ट डिज़ाइन और विक्टोरियन स्टाइल का यह घर भी कितना सुन्दर है। ऊंची-सी सीलिंग, खपरैल की ऊंची नीची स्लोपिंग छतें । गेट से घुसते ही घर देखकर तबियत खुश हो जाती है। बाग भी कितना सुन्दर है।’’
   अंजलि हंस रही है, ‘‘भई बाग का क्रैडिट तो बुआ को जाता है। वही रहती हैं यहां और वही करातीं हैं सब कुछ।’’
   मेरे  हाथ रुक गये थे। लगा था अंजलि पल्लवी को मेरा घर नही अपनी प्रापर्टी  दिखा रही है। फिर मैं कौन हूं इस घर में ? केयर टेकर ? मेरा कौन सा घर है ? कोई नहीं। पर मैं तो इस घर को दिन रात सजाती संवारती रही हूं। भ्रम में थी मैं । अब तो उस भ्रम से बाहर निकलने के लिए भी बहुत देर हो चुकी। पल्लवी की उपस्थिति में मैं अपने आप को अजब तरह से दीन-हीन सा महसूस कर रही हॅं, जैसे मैं इस घर में पड़ी हुयी कोई चीज़ हूं, फ़ालतू सामान की तरह । मैं वहीं खड़ी रही थी। डाइनिंग रूम और ड्राइंग रूम के बीच कांच की बड़ी सी दीवार। सामने की फ्रैंच विन्डो से दिखता सामने का फूलों से भरा बेहद सुन्दर बगीचा,हरी मखमली दूब और लाल बजरी से बना ‘ड्राइव वे’। मैं तो हर दिन ही यहां खड़े हो कर देर तक अलग अलग कोण से अपना घर निहारती रहती हूं। हर दिन अपने ही घर,उसके रख रखाव पर मुग्ध होती रहती हूं। पर आज जैसे इस घर को लेकर कुछ महसूस ही नहीं कर पा रही हूं । वही बाग है,वही घर, वही छत और दीवारें। पर इन सबके बीच मैं तो जैसे बेघर हो गयी हूं ।                   
-0-0-0-

सुमति सक्सेना लाल

 सन् 1965 में लखनऊ विश्वविद्यालय से एम.ए करने के बाद उसी वर्ष से वहीं के एक सम्बद्ध महाविद्यालय में दर्शन शास्त्र का अध्यापन थे। सन् 1967 में पहली कहानी लिखी थी जो मार्च 1969 में धर्मयुग में प्रकाशित हुई थी। चार वर्षों तक धर्मयुग,साप्ताहिक हिन्दुस्तान और सारिका में कहानियां प्रकाशित होती रहीं। उस के बाद  तीस वर्षों में बस एक कहानी ‘‘दूसरी शुरूआत’’ सन् 1981 में साप्ताहिक हिन्दुस्तान में प्रकाशित हुई थी। इतने वर्षों तक कुछ न लिख पाने की हताशा रही। पत्रिकाओं में अपने समकालीन लेखकों के चर्चे पढ़ते हुए मन में ख़ालीपन की अनुभूति होती। वह ईष्र्या नहीं,पीछे छूट जाने की पीड़ा थी। शायद इसीलिये 2005 से पुनः लिखना प्रारंभ किया और अब निरंतर सृजनरत । इन वर्षो में हॅस, नया ज्ञानोदय,कथादेश,,समकालीन भारतीय साहित्य और नवनीत आदि में कहानियां प्रकाशित और प्रकाशनाधीन ।  २००९ में ‘‘अलग अलग दीवारें’’ (कहानी संग्रह) भारतीय ज्ञानपीठ और २०११ में ‘‘दूसरी शुरूआत’’ (कहानी संग्रह) पैन्गुइन यात्रा बुक्स’’ से प्रकाशित । उपन्यास ‘‘होने से न होने तक’’ प्रकाशनाधीन । हाल ही में उपन्यास ‘‘कितनी बार’’ लिखा गया.
  -0-0-0-0-      
                

बुधवार, 4 अप्रैल 2012

वातायन-अप्रैल,२०१२





हम और हमारा समय

नि:सन्देह, यह गाँधी का देश है!

रूपसिंह चन्देल

पिछले लंबे समय से देश की हवा गर्म है. यह गर्मी ठिठुरती ठंड के दिनों में भी अनुभव की गई. लेकिन इन दिनों ताप कुछ अधिक ही है. बात चाहे जनरल वी.के.सिंह द्वारा किए गए खुलासों की हो या पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअन्त सिंह की हत्या की साजिश में फाँसी प्राप्त राजोआणा की अचानक राजनीतिक माहौल गर्मा गया. देश हक्का-बक्का है. चौदह करोड़ की रिश्वत की पेशकश ने राजनीतिज्ञों को उतना नहीं हकबकाया जितना जनरल सिंह के १२ मार्च के उस पत्र ने जो माननीय प्रधानमंत्री जी को उन्होंने भेजा. पत्र मीडिया में लीक हो गया. पत्र लीक होना एक गंभीर मामला है. यह देशद्रोहपूर्ण कार्य है, जिसके लिए लीक करने वाले को वह सजा दी जानी चाहिए जिससे दूसरे सबक लें.


जनरल वी.के.सिंह के पत्र के लीक होने से दो बातें उभरकर सामने आयीं. राजनीतिज्ञों ने पत्र लीक होने पर गंभीर चर्चा की, जिसमें कुछ सांसदों ने उनके विषय में बहुत कुछ ऎसा कहा जो यदि कोई आम व्यक्ति किसी राजनीतिज्ञ के विषय में कहता तो उसके विरुद्ध संसद में निंदा प्रस्ताव लाए जाने की बात की जाती या उसे पागल कहकर अपमानित किया जाता. माँग यहाँ तक की गई कि जनरल सिंह को ’सैक’ कर दिया जाए---छुट्टी पर भेज दिया जाए---ऎसे कुंठित जनरल से मुक्ति पा ली जाए---. जहाँ राजनीतिज्ञों के निशाने पर जनरल वी.के.सिंह थे, वहीं जनता कुछ और ही सोच रही थी. उसके सरोकार और चिन्ता देश की सुरक्षा से जुड़े थे. वह सेना में व्याप्त भ्रष्टाचार के विषय में सोच रही थी. चौदह करोड़ की रिश्वत को ठुकराने वाले और सेना के अनेक भ्रष्टाचार और घोटालों को उजागर करने वाले जनरल की ईमानदारी और उन्हें ’सैक’ करने जैसे फतवे जारी करने वाले राजनीतिज्ञों की नीयत के विषय में सोच रही थी.


सेना में भ्रष्टाचार कोई नई बात नहीं. कहते हैं कि द्वितीय विश्वयुद्ध के पश्चात सेना के कुछ विभागों में भ्रष्टाचार पनपने लगा था. आजादी के बाद वह क्रमशः बढ़ा, लेकिन इतना सर्वव्यापी नहीं था. जब मैं छोटा था सुना करता कि इस देश में पुलिस सर्वाधिक भ्रष्ट और सेना भ्रष्टाचार मुक्त है. लेकिन यह स्थिति अधिक समय तक बनी नहीं रह सकी. नियुक्तियों से लेकर चीजों की खरीद तक वहाँ भ्रष्टाचार पनपने लगा था. यह स्थिति सेना के तीनों अंगों में है. सेना ही नहीं, रक्षा मामलों से जुड़े अन्य विभागों में भी यही स्थिति है. एम.ई.एस. जैसे विभागों में बहुत पहले से यह सब जारी था. इन विभागों में पोस्टिंग्स लेने के लिए लोग वे सब हथकंडे अपनाते हैं जो किसी भी कमाऊ थाने की पोस्टिंग के लिए अपनाए जाते हैं. जहाँ ’ठेकेदार’ नाम के जीव का प्रवेश होगा भ्रष्टाचार वहाँ नहीं होगा, यह सोचना सही नहीं होगा. व्यवस्था में भ्रष्टाचार इस हद तक प्रविष्ट हो चुका है कि शायद ही पूरी तरह उसकी सफाई संभव हो---लेकिन यह सोचकर सफाई के प्रयास ही न किए जाएँ और सफाई के प्रयास करने वाले का मखौल उड़ाया जाए यह उचित नहीं.


राजनीतिक हलकों में राजोआणा की फाँसी ने भी खासा माहौल गर्माया. उसकी फाँसी रुकवाने के लिए जो प्रयास किए गए वे अनेक प्रश्न उत्पन्न करते हैं. आम आदमी यह सोचने को विवश हुआ है कि यह अभियान तुच्छ राजनीतिक लाभ के लिए देश को किसी अंधी खाई में धकेलने का प्रयास था. कहा यहाँ तक गया कि यह गाँधी का देश है---गाँधी अहिंसा के पुजारी थे---अहिंसा के पुजारी के देश में फाँसी की बात नहीं की जानी चाहिए. लेकिन यह कहने वाले यह भूल गए कि यह चन्द्रशेखर आज़ाद, रामप्रसाद बिस्मिल, खुदीराम बोस, भगतसिंह, राजगुरु और सुखदेव जैसे उन सैकड़ों क्रान्तिकारियों का देश भी है जिन्होंने देश के लिए हँसते-हँसते अपने को कुर्बान कर दिया था. भगतसिंह की फाँसी से पूर्व गाँधी जी से कहा गया था कि वे ब्रिटिश हुकूमत से भगतसिंह सिंह, राजगुरु और सुखदेव को फाँसी न दिए जाने के लिए बात करें. माना जा रहा था कि यदि गाँधी जी ब्रिटिश सरकार पर दबाव बनाएँगें तो उनकी फाँसी की सज़ा बदल जाएगी. गाँधी जी ने किंचिंत भी उत्साह नहीं दिखाया. वह भगतसिंह और उनके साथियों को आतंकवादी मानते थे और आतंकवादियों के लिए उपयुक्त सजा फाँसी ही थी. फिर गाँधी के नाम पर राजोआणा को फाँसी न दिए जाने की बात क्यों की जा रही है? क्या वह आतंकवादी नहीं है? इससे यह सिद्ध होता है कि आज के भारतीय राजनीतिज्ञ उचित-अनुचित को अपने पक्ष में करने में सिद्धहस्त हैं. जनता यह भी जानना चाहती है कि प्रतिदिन दो लाख रुपयों के खर्च पर पलने वाले कसाब को फाँसी दी भी जाएगी या नहीं और दी जाएगी तो कब? उसके फैसले पर विलंब क्यों? और अफजल गुरू को क्यों बचाया जा रहा है? जनता चुप है, लेकिन वह समझती है कि यह भ्रम पालना राजनीतिज्ञों के लिए सही सिद्ध नहीं होने वाला.
-0-0-0-

जब मैं देश की राजनीतिक स्थितियों पर विचार करता हूं और आम जन को उस पर चर्चा करता पाता हूं तब एक प्रश्न मन में उठता है कि साहित्यकार के सरोकार क्या हैं? क्या होने चाहिए? अन्ना ने भ्रश्टाचार के विरुद्ध आवाज उठायी---लेकिन अधिकांश साहित्यकार चुप थे. साहित्यकार को अपने समय के प्रश्नों से जूझना चाहिए या नहीं? सुविधाभोगी साहित्यकार ही यह सोचेंगे कि उन्हें केवल लिखना चाहिए शेष बातों से जूझने का काम दूसरों का है. प्रश्न उठता है कि ऎसे लेखक क्यों और किसके लिए लिखते हैं? अपने समय के सवालों से कतराने वाले साहित्यकार को पलायनवादी कहा जाएगा या कलावादी? वह लिखता ही क्यों है? अपने देश, समाज, भाषा, संस्कृति के प्रति जिम्मेदारी से बचने वाले साहित्यकारों की लेखकीय गंभीरता को समझा जाना चाहिए. ऎसे सुविधाभोगी साहित्यकारों के लिए हिन्दी की चर्चित और वरिष्ठ लेखिका सुधा अरोड़ा एक उदाहरण हैं, जिनका संपूर्ण लेखन समय की टकराहट से जन्मा है और समय से टकराकर जन्मा साहित्य ही सार्थक होता है.
-0-0-0-
वातायन का यह अंक वरिष्ठ कथाकार और कवियत्री सुधा अरोड़ा जी की रचनाओं पर केन्द्रित है. साथ में प्रस्तुत है वरिष्ठतम कथाकार मन्नू भंडारी और सुधा अरोड़ा जी के साथ २० मार्च, २०१२ को मेरी और बलराम की मुलाकात के दौरान हुई बातचीत के कुछ अंश. आशा है अंक आपको पसंद आएगा.

-0-0-0-0-

मुलाकात



मन्नू भंडारी और सुधा अरोड़ा से एक मुलाक़ात

रूपसिंह चन्देल


१९ मार्च २०१२, रात लगभग नौ बजे का समय. फोन पर शांत-गंभीर स्वर सुनाई दिया, “चंदेल जी बोल रहे हैं ? ”
जब तक मैं कुछ कह पाता, “ मैं सुधा अरोड़ा बोल रही हूं.”
“मैंने आपकी आवाज पहचान ली थी. लातूर से मुम्बई कब लौटीं ? ” मैंने पूछा.
“मैं दिल्ली से बोल रही हूं. मन्नू जी के यहां ठहरी हूं.”
“आपने दिन में बताया होता ---मै कुछ समय पहले ही गुड़गांव से लौटा हूं---आपसे मिलता हुआ आता.” मुझे लगा कि उस दिन मुलाकात का एक अच्छा अवसर मेरे हाथ से निकल गया था.
“मैं आज शाम ही पहुंची हूं.”
“आपसे कब मुलाकात हो सकती है?”
“कल शाम चार बजे के बाद कभी भी---.”
क्षणभर सोचने के बाद मैंने कहा, “सुधा जी, इस सप्ताह शुक्रवार तक प्रतिदिन शाम मेरी व्यस्तता रहेगी---सुबह दस-ग्यारह बजे किसी भी दिन---“
“बीस-इक्कीस को मन्नू जी और मैं दिन में व्यस्त हैं.”
“राजेन्द्र जी के यहां जाना है ?”


(बांए से - मन्नू भंडारी,सुधा अरोड़ा, रूपसिंह चन्देल और बलराम अग्रवाल)

“उनसे मिलने कल सुबह ग्यारह बजे जाना है.”
लेकिन अगले दिन अर्थात २० की सुबह अकस्मात कार्यक्रम में परिवर्तन हुआ. उस दिन शाम चार बजे मैं मन्नू जी के यहां जा सकने की स्थिति में था. सुधा जी ने मुझे मन्नू जी का मोबाइल और घर का नंबर दे दिए थे और कहा था कि उन पर ही मैं संपर्क करूं. उनसे बात करने से पहले मैंने बलराम अग्रवाल से बात की. बलराम अग्रवाल साहित्य और मित्र जीवी व्यक्ति हैं और ऎसे किसी भी अवसर को छोड़ना नहीं चाहते. बलराम ने अपने दूसरे आवश्यक कार्यक्रम रद्द कर मेरे साथ जाने की सहमति दे दी. यह जानकर कि मैं उसी दिन शाम साढ़े चार बजे मिलने पहुंचना चाहता हूं, सुधा जी ने प्रसन्नता व्यक्त की. जब मैंने बताया कि मेरे साथ बलराम अग्रवाल भी होंगे, उन्होंने सुनते ही कहा, “मिलकर अच्छा लगेगा.”
वह दिन भयानक वस्तताभरा होने वाला था. दोपहर एक बजे कॉफी होम में किसी से मिलना था. उससे पहले आसफअली रोड और कनॉट प्लेस में कुछ आवश्यक कार्य थे. बलराम अग्रवाल को मैंने साढ़े तीन बजे कॉफी होम बुलाया.
जब हम मन्नू भंडारी जी के हौजखास निवास पर पहुंचे चार बजकर चालीस मिनट हुए थे. दरवाजा सुधा जी ने खोला. उनसे यह हमारी पहली मुलाकात थी. मन्नू जी से दूसरी. मन्नू जी से पहली मुलाकात वर्षों पहले एम्स में हुई थी, जब राजेन्द्र जी वहां भर्ती थे. उन दिनों वह प्रसार भारती के सदस्य थे. उनसे मिलने वालों की भीड़ थी. उनसे मिलकर मैं बाहर निकला तो मन्नू जी को कॉरीडार में अकेले टहलते हुए पाया. उस शाम राजेन्द्र जी के स्वास्थ्य को लेकर मन्नू जी के चेहरे पर चिन्ता की स्पष्ट उभरी रेखाएं मैंने देखी थीं. देर तक मैं उनके साथ बातें करता रहा था. वह राजेन्द्र जी के पीने को लेकर दुखी थीं और उनकी बीमारी के लिए उन सबको दोष दे रही थीं जो अपने स्वार्थ के चलते राजेन्द्र जी को इस सबके लिए घेर बैठते थे. उसके बाद कितनी ही बार उनसे मिलने जाने और बातचीत करने का विचार किया, लेकिन जा नहीं पाया. अपने जीवन काल में ही मिथक बन चुकी मन्नू जी के साथ न मिलने जाने के लिए मैं अपने को लानत भेजता रहा. तब से २० मार्च,२०१२ के मध्य सैकड़ों बार अरविन्दों मार्ग से गुजरना हुआ लेकिन जो वर्षों से टलता रहा था उसका सुयोग इतनी सहजता से सुधा अरोड़ा जी के कारण उस दिन मिल गया था.
मन्नू जी और सुधा जी के साथ उस दिन की हमारी वह मुलाकात इतनी यादगार होने वाली थी, यह सोच से बाहर था. औपचारिक मुलाकात सोचकर ही हम गए थे. ड्राइंगरूम में हम सोफे पर बैठने ही वाले थे कि मन्नू जी आती दिखीं. आगे बढ़कर हमने परिचय दिए. मन्नू जी हमारे सामने सोफे पर आ बैठीं. सुधा जी भी चाय की औपचारिकता निभाती हुई हमारे साथ आ जुड़ीं. बातों का सिलसिला राजेन्द्र यादव जी की बीमारी, उन लोगों के उन्हें देखने जाने से प्रारंभ हुआ. मन्नू जी ने विस्तार से बताया कि हालात अधिक बिगड़ने के बाद जब राजेन्द्र जी उनके यहां पहुंचे तब वे इस योग्य बिल्कुल नहीं थे कि स्वयं हिल-डुल भी सकते.

“मैं उन्हें देखकर हत्प्रभ थी. यह क्या हुआ राजेन्द्र को..?” मन्नू जी बता रही थीं, “संतरे की एक फांक भी लेने को तैयार नहीं थे---बिल्कुल शक्तिहीन. पूरे समय खांसते रहते---पाइप-सिगरेट सब छूट गए---.” मन्नू जी आराम की मुद्रा में सोफे पर बैठी बता रही थीं.

(बांए से -मन्नू भंडारी, मनीषा पांडे,बलराम अग्रवाल, रूपसिंह चन्देल और

सुधा अरोड़ा)


“वह खांसी उसी पाइप और सिगरेट की ही देन थी---.” मैं और बलराम ने एक स्वर में कहा, “१२, मार्च को हम दोनों उनसे मिलने गए थे. उन्होंने बताया कि पैंतालीस दिन से उन्होंने पाइप को हाथ नहीं लगाया----अब उन्हें याद ही नहीं आता कि कभी उन्होंने पाइप पिया था---और उस दिन हमने उन्हें खांसते भी नहीं देखा था.”

“अब तो बहुत ठीक हैं---आज मिलकर लगा कि अब वह बीमारी पर विजय पा चुके हैं---“ मन्नू जी के चेहरे पर राजेन्द्र जी के स्वस्थ होने का सुकून स्पष्ट था.

“अब बहुत अच्छे हैं. मुझे वह अलग-अलग नामों से पुकारते हैं. “ सुधा जी मुस्कराती हुई बोलीं, “आज भी देखते ही बोले, “आ गई आफत की परकाला ! ”

हम सभी हंस पड़े. सुधा जी ने पन्द्रह दिन पहले फोन पर भी मुझे इस विषय में बताया था. उन्होंने कुछ दिन पूर्व पाखी के ’राजेन्द्र यादव’ विशेषांक में राजेन्द्र जी के बारे में बहुत ही खुलकर लिखा था. उनके लेखन की यह विशेषता है और यह विशेषता उनकी पहचान बन गई है. मेरा मानना है कि एक ईमानदार लेखक जो साहित्य को सीढ़ियों की भांति इस्तेमाल नहीं करता इस बात की चिन्ता किए बिना कि उसके लिखे से कौन प्रसन्न और कौन अप्रसन्न होता है सदैव वही लिखता है जो सच होता है. उसकी रचनाओं में भी समय के सच की ही अभिव्यक्ति होती है और इस दृष्टि से मन्नू जी और सुधा जी –दोनों ही कथाकार अतुल्य हैं. और राजेन्द्र जी भी ईमानदारी से अपने विषय में लिखे किसी भी शब्द को एजांय करते हैं.

मैं नहीं जानता कि मन्नू जी और सुधा जी की निकटता साहित्य आधारित है या उसमें दोनों के कोलकता से होने की भी कुछ भूमिका है. वैसे तो जड़ें कितने ही साहित्यकारों की एक स्थान से जुड़ी होती हैं लेकिन उनमें नैकट्य स्थापित नहीं हो पाता. शायद साहित्य ही वह सूत्र है जो सुधा जी को मन्नू जी तक खींच लाता है. राजेन्द्र जी के साथ मन्नू जी का जब विवाद हुआ मन्नू जी के कितने ही प्रशंसक उनसे विमुख हो गए थे. उस अनपेक्षित विचित्र स्थिति में कुछ ही लोग मन्नू जी के साथ थे और सुधा अरोड़ा जी उनमें से एक थीं .

कुछ उल्लेख्य और महत्वपूर्ण विषयों (जिनका उल्लेख यहां संभव नहीं) की चर्चा के बाद मन्नू जी ने कहा, “और यह स्त्री विमर्श---महादेवी वर्मा, कृष्णा सोबती, मैंने और बाद की पीढ़ी की लेखिकाओं ने जो लिखा क्या उसमें स्त्री विमर्श नहीं था. हम सभी ने वह जीवन जिया और लिखा -----और अचानक स्त्री विमर्श – दलित विमर्श पैदा हो गए—यह सब है क्या---?” मन्नू जी के स्वर में उत्तेजना थी. सुधा जी ने भी उनकी बात का समर्थन किया.

“मन्नू जी, यह बात मैंने अपने एक आलेख में लिखा है---बिल्कुल यही प्रश्न उठाया है. दोनों विमर्शों का उद्भव कुछ रचनाकारों को स्थापित करने के उद्देश्य से हुआ. उद्देश्य सफल रहा. आपने जगदीश चन्द्र के तीन उपन्यास----.” मेरी बात बीच में ही लपक ली मन्नू जी ने, “हां, ’धरती धन न अपना..” सुधा जी ने भी पढ़ने की बात स्वीकार की, लेकिन मैं रुका नहीं, “एक ही पात्र काली पर केन्द्रित उनके तीन उपन्यास हैं---ट्रिलॉजी---’धरती धन न अपना’, ’नरक कुंड में बास’ और ’यह जमीन तो अपनी थी.’ दलित जीवन पर ये इतने उत्कृष्ट उपन्यास हैं कि मेरा दावा है कि किसी दलित लेखक द्वारा दशकों तक ऎसे उपन्यस लिखे जाने की संभावना नहीं है.”

“क्योंकि इनमें जो आगे बढ़ जाता है वह अपने को सवर्ण मानने लगता है.” मन्नू जी ने कहा.

लेखिकाओं से होती हुई बात बांग्ला साहित्य पर आ टिकी. मन्नू जी बोलीं, “बांग्ला की पुस्तकों का मूल्य इतना कम होता है कि पाठक खरीदते हैं. वहां जिस पुस्तक का मूल्य चालीस रुपए होता है, हिन्दी में उतनी ही बड़ी पुस्तक का मूल्य दो सौ रुपए---कौन खरीदे पुस्तकें---. आम पाठक की पहुंच से बाहर हैं हिन्दी पुस्तकें…”

“यदि हिन्दी में सरकारी खरीद बंद कर दी जाए तो रिश्वखोरी बंद हो जाएगी और तब जो कूड़ा-कचरा छपकर सरकारी गोदामों में जमा हो रहा है वह बंद हो जाएगा. खरीद में बैठे अधिकारियों की स्तरहीन पुस्तकें छपनी बंद हो जाएंगी और खरीद कमीटियों में बैठे साहित्यकार-पत्रकारों की दुकानें भी बंद हो जाएंगी और तब शायद प्रकाशक पाठकों को ध्यान में रखकर पुस्तकें प्रकाशित करने लगें.” बलराम अग्रवाल ने कहा.

“सरकारी खरीद में इतना अधिक भ्रष्टाचार है कि लेखक रॉयल्टी के लिए तरसता रहता है जबकि अफसर और खरीद समितियों के सदस्य लाखों के वारे-न्यारे करते रहते हैं. कुछ प्रकाशकों को सत्तर से अस्सी प्रतिशत तक खर्च करना पड़ता है…. इस मामले में लेखक उसी प्रकार उदासीन हैं जिस प्रकार अन्ना हजारे के आंदोलन को लेकर थे.” मैंने कहा.

“अन्ना हजारे से मिलने मैं गयी थी.” उत्साहित स्वर में मन्नू जी ने कहा, “निर्मला (जैन) ने कहा कि हमें चलना चाहिए. मैंने कहा कि साथ में और किसी को भी ले लिया जाए ! मैंने राजी (सेठ) से चर्चा की. राजी तैयार हो गयीं. हम तीनों गए थे रामलीला मैदान .”

“हां, मुझे पता है. मैंने इस विषय में अपने ब्लॉग ’वातायन’ में लिखा था. लेकिन आपके साथ राजी जी भी गयी थीं यह जानकारी मुझे नहीं थी इसलिए उसमें उनका उल्लेख नहीं हुआ था.”

“मन्नू दी , बलराम अग्रवाल ने तो बाकायदा अपनी गिरफ्तारी दी थी.” सुधा जी मन्नू जी की ओर उन्मुख होकर बोलीं.

“जो लेखक सक्रिय थे उनमें मेरे अतिरिक्त चन्देल, रामकुमार कृषक और हरेराम समीप थे. कुछ और भी होंगे लेकिन उनकी जानकारी मुझे नहीं है.” बलराम अग्रवाल ने कहा.

“मैंने नामवर जी से इस विषय में पूछा, लेकिन मेरी बात को वे टाल गए थे.” मन्नू जी ने बताया.

“भ्रष्टाचार से सभी त्रस्त हैं. एक व्यक्ति ने उसके विरुद्ध शुरूआत की---आंदोलन सफल होता है या असफल---यह महत्वपूर्ण नहीं है. महत्वपूर्ण है एक अच्छी शुरूआत----बीज जब पड़ा है तब पेड़ भी उगेगा ही---समय लग सकता है..” बलराम अग्रवाल ने अपना मत व्यक्त किया. सुधा जी और मन्नू जी ने अपनी सहमति दी.

“लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण सत्य यह है कि लेखक बिरादरी अन्ना आंदोलन का मखौल उड़ा रही थी.” मैंने कहा.

“यह दुखद आश्चर्य है कि छोटी-सी बात के लिए लेखक-समूहों द्वारा विरोध-समर्थन पत्र लिखे जाते हैं. अखबारों में छपते हैं. लेखक संगठन हाय-तौबा मचाते हैं---लेकिन इतने महत्वपूर्ण मुद्दे पर सब चुप थे.” सुधा जी ने दुखी स्वर में कहा.

“मुद्रा राक्षस थे “ मैं बोला, “वह मायावती के साथ थे---दलित लेखकों में कुछ लोग भ्रम फैला रहे थे….कह रहे थे कि अन्ना के एजेंडा में दलित कहीं नहीं हैं. क्या यह सच नहीं कि भ्रष्टाचार का सर्वाधिक शिकार दलित लोग ही हैं---- अन्ना हजारे का मुद्दा भ्रष्टाचार है…दलित–गैर दलित था ही कहां…..यह मुद्दे का राजनीतिककरण था…..बांटो और राज करो की नीति. मैंने ऎसा अनुभव किया था कि कुछ सवर्ण लेखकों को ही नहीं दलित चिन्तक और लेखकों को खरीद लिया गया था. अन्ना का विरोध करने वालों में कुछ वे लोग भी होंगे जो स्वयं नौकरियों में आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे हुए होंगे या उनके घर-परिवार के लोग होंगे….जन लोकपाल बिल से उनकी मलाई पर पानी फिरने के साथ उनके जेल जाने का खतरा भी होगा----यह भी एक कारण हो सकता है.“. मैंने अपनी बात रखी.

हमारी बात यहीं तक पहुंची थी कि घंटी बजी. सुधा जी ने दरवाजा खोला और आगन्तुका को देखते ही प्रसन्नता में डूबा उनका स्वर सुनाई पड़ा, “अरे, मनीषा----“ और मनीषा पांडे सुधा जी से गले मिल रही थीं.

सुधा जी ने मनीषा का परिचय दिया. वह कभी मुम्बई में रहती थी. कुछ देर वे अपनी पुरानी यादें शेयर करती रहीं. मनीषा दिल्ली में इंडिया टुडे में काम करती हैं. मन्नू जी ने बताया कि इंडिया टुडे के ताजा अंक में राजेन्द्र जी और उनके साक्षात्कार पर आधारित मनीषा का आलेख प्रकाशित हुआ है.

हमारे रुख्सत होने का वक्त हो रहा था. बलराम अग्रवाल ने कैमरा संभाल लिया. एक के बाद एक उन्होंने लगभग अठारह चित्र खींचे---कुछ मनीषा ने भी खींचे.

जब हम मन्नू जी के घर से निकले शाम के ठीक साढ़े छः बजे थे. लगातार दो घण्टे तक मन्नू जी और सुधा जी ने हमारे साथ जो चर्चा की थी उसकी अमिट छाप मन में लिए हम सड़क पर उतर गए थे. सड़क पर लोगों की भीड़ थी और धुंधलका डी.डी.ए. के उन सेल्फ फाइनेसिंग प्लैट्स से नीचे उतरने को उद्यत था.

-0-0-0-0-

कहानी




कांच के इधर उधर


सुधा अरोड़ा

मैं घर के अंदर दाखिल हुई ही थी कि देखा चिल्की खिल-खिल करती कमरे में चक्कर काट रही है और उसके सिर के ऊपर एक बर्रेनुमा कुछ मंडरा रहा है । पास आई तो देखा , वह बर्रा नहीं , एक बड़ी सी मधुमक्खी थी । सामने बाल्कनी के कांच के दरवाजे़ बंद थे और वह मक्खी कांच के आर- पार दिखती रोशनी से धोखा खाकर , बाहर खुले में निकल भागने की कोशिश में बार बार कांच के दरवाज़े से टकरा जाती ।
‘‘क्या हो रहा है , चिल्की !’’ मेरे मुंह से एकदम निकला , ‘‘ काट लेगी ! हट जा ! ’’ चिल्की ने तो नहीं , मक्खी ने सुन लिया और थक-टूट कर लकड़ी के उस टुकड़े पर जा बैठी जिसे एअर कंडीशनर का खोल बंद करने के लिये लगाया गया था और उस पर करीने से वारली का डिज़ाइन आंका गया था कि वह एअरकंडीशनर का खाली खोल न लगकर चित्रकारी का नमूना दिखे ।
‘‘ दादी , सो क्यूट ना ? ’’ चिल्की उसे निहारती रही , ‘‘ कितनी देर से मेरे साथ खेल रही है ! ’’
मैंने उसके बोलते होंठों पर हथेली रख उसे चुप करवाया और सोफे पर उसे बिठाकर बहुत आहिस्ता बैठक के कोने से सरकते हुए बिना आवाज़ किए आगे बढ़ी कि दरवाजा आहिस्ता से सरका कर खोल दूं कि तभी वह मक्खी फिर उड़ी और मेरे कान के पास से भुन भुन करती हुई गुज़र गई । मैं अपना सिर बचाती झुक कर वापस सोफे पर आ बैठी । चिल्की मज़ा ले रही थी कि दादी कैसी बुद्धू हैं , एक मक्खी से हार जाती हैं । वह होंठ भींचकर फिसफिसाकर हंस रही थी । आवाज़ ज़रा सा बाहर निकलते ही उसने अपनी नन्हीं नन्हीं हथेलियों से अपने होंठों को ढक लिया । मैंने आंखें तरेर कर उसकी ओर देखा तो हंसी को दबाते हुए उसने उड़ती मक्खी की ओर अपनी हथेली को ,नर्तन की मुद्रा में ,घुमाया और बुदबुदा कर बोली -‘हुं हुं ....दादी को इस से डर लगता है !’ और फिक् से हंस दी जैसे कह रही हो - यह भी कोई डरने की चीज़ है !
तब तक मक्खी कमरे के दो तीन चक्कर लगाकर कांच के दरवाज़े से एक बार और टकरा चुकी थी । चिल्की के मुंह से तपाक से निकला - ‘‘ओह शिट! शि विल गेट हर्ट !’’ ( उसे चोट लग जाएगी ! )
एक बार फिर मक्खी दीवार के एक कोने में फड़फड़ाकर बैठ गई ।
मैंने चिल्की को कहा - ‘‘ तू बिल्कुल चुप बैठ जा। मैं दरवाज़ा खोलती हूं । ’’
चिल्की ने मुझे ढाढ़स बंधाया -‘‘ दादी , ‘उसको’ आपसे डर लगता है । आप क्यों डरते हो उससे ? ’’ और शरारती निगाह से मेरी ओर देखने लगी ।
मैंने उसे कहा -‘‘ तू अंदर जा और मैं इसे बाहर करती हूं ।’’
चिल्की ने आश्वस्त भाव से ‘ना’ में सिर हिला दिया । उसे डर थोड़े ही लगता है , क्यों जाये वह , आपको जो करना हो , करो । आखिर दोबारा मैं सिर झुका कर दबे पांव आगे बढ़ी और धीरे से एक दरवाज़ा स्लाइड कर सरकाया , फिर दूसरा और उसके जाने के लिये बाहर के खुले आसमान और दीवारों से घिरे कमरे के बीच की आड़ हटा दी और अपने इस करतब में सफल होने पर चैन की सांस ली । मक्खी तब तक शायद कई बार कांच के दरवाज़े से टकरा टकरा कर थक चुकी थी । वह उस कोने में बैठी ही रही ।
चिल्की के पास आकर जैसे ही मैं सोफे पर जाकर बैठी , वह फुसफुसाकर कहने लगी -‘‘ देखा ! उसके विंग्स कैसे गोल्डन हैं , शी इज़ सो क्यूट ! ’’
मैंने खीझकर कहा - ‘‘ अब ‘शी’ है कि ‘ही’ , क्या मालूम ! मक्खी नहीं , मक्खा है , इतना बड़ा ..... ! ’’
हम दोनों की आंखें उस पर टिकी हुई थीं । इस बार वह जो उड़ी तो कमरे के दो अंधे चक्कर लगाकर कांच के दरवाज़े से टकराने के बजाय सीधा बाहर हवा में जज़्ब हो गई । वह बाड़ हट चुकी थी जिसके धोखे में वह दरवाज़े की किसी अधखुली फांक से कमरे के अंदर घुस आई थी ।
चिल्की ने मुझे कुछ ऐसे उखड़े हुए अंदाज़ में देखा जैसे मैंने उसकी किसी बहुत प्यारी चीज़ को खिड़की से बाहर फेंक दिया हो ।
तब तक कमरे की घंटी बजी और शोभाबाई हाथ में झोला लेकर अंदर घुसी । शोभा जिसने पिछले सात सालों से इस घर को ‘घर’ बना रखा था । नौ वारी लांग वाली धोती पहने शोभा घड़ी की सुई देखकर हर काम वक्त पर निबटा देती । चिल्की उसे बड़े प्यार से ताई बुलाती थी । मैंने शोभा को ज़रा डपटते स्वर में कहा -‘ कहां चली गई थी । मेरे आने तक रुकना था न ! यहां इतनी बड़ी मक्खी घुस आई थी और यह तेरी ‘मैडम’ उसके साथ खेल रही थी । काट लेती तो ?’
‘ ममीजी , जरा टमाटर लेने को अब्बी गई थी निच्चे । बेबी बोली - मी कार्टून भखती ! .... और ये मक्खी तो कब्बी कब्बी आती ई रेती ए। ‘ शोभाबाई मसखरी करने के अंदाज़ में बोली - ‘ अपना खोली का रस्ता भूल जाती , इस वास्ते चली आती । होएंगा खोली आजू बाजू ! काटती बीटती नई। बस , आने का , जाने का । बेबी के साथ मस्ती करने को आती .....’ और वह भी बत्तीीसी दिखाती हंस दी।
चिल्की उसके जवाब से खुश हो गई - ‘‘ और ताई , दादी को न डर लगता था उससे ! .....ऐसे .....ऐसे सिर नीचे कर .....चलती थी !’’ और वह मेरा स्वांग रचती झुक कर दादी बनी चलने लगी । दोनों जोर से हंसी और चिल्की को हंसते हंसते खांसी का दौरा पड़ गया ।
‘‘ इसको सुबह सितोपलादि दिया कि नहीं ?’’ मेरे पूछने पर बाई षिकायत पर उतर आई -‘‘ बेबी कू पुच्छो ! ये खाती किदर ?’’
‘‘ छिः , कड़वी दवाई ! ताई ठीक से शहद नहीं डालती ......’’ चिल्की को फिर खांसी छूट गई ।
‘‘ अरे , दवा खाने का कि खाली ‘मध’ खाने का । इतना मिट्ठा डालेंगा तो औषद फायदा नईं करेंगा !’’ ‘‘ शोभा , डाल दो न शहद ! मुझे दो ! मैं खिलाती हूं । ’’
‘‘ नई नईं , मी देती अब्बी। हे चिल्कू बेबी , चल इकड़े आ ! ’’ और शोभा चिल्की को खींचती हुई अपने साथ रसोई में ले जाने लगी ।
चिल्की तब तक रानी मधुमक्खी के प्रभामण्डल से बाहर आ चुकी थी । अब उसे अपने साथियों की याद आई - ‘‘ दादी , भीमा और रेषमा को क्यों नहीं लाते साथ ? यू प्रामिस्ड मी कि आज उनको लेकर आओगे ! कितने दिन से वो दोनों नहीं आये ! ‘‘
चिल्की का दिमाग़ शुरु से ही बहुत चैकन्ना था । कोई भी बात वह आसानी से भूलती नहीं थी । कल मैंने उसे टाल दिया था पर आज फिर वह उन दोनों बच्चों को याद कर रही थी ।
‘‘ आज गार्डेन में मिलेंगे न उन दोनों से , ठीक ? ’’ मैंने चिल्की को आश्वस्त किया ।
जैसे ही मैं अपने बिस्तर पर लेटी , मेरी आंखों के सामने दोनों बच्चे अपने हाव-भाव और चेहरे-मोहरे सहित उपस्थित हो गये थे ।
0 0
भीमा और रेशमा - हमारे घर के सामने बने मोबाइल क्रेश में सुबह नौ बजे से पांच बजे तक पढ़ते- खेलते-रहते बच्चों के हुजूम में से दो बेहद ज़हीन बच्चे - जिनके मां बाबा दोनों मजदूरी करते थे । इस टावर में आते ही प्रतिमा दी के आदेश पर मैंने यह क्रेश ज्वायन कर लिया था । प्रतिमा दी कलकत्ताा के कालेज में मेरी सीनियर थीं । पति के असमय देहांत के बाद , मजदूरों के बच्चों की देखभाल में , उन्होंने अपने को पूरी तरह झोंक दिया था । यह मोबाइल क्रेश उनकी ही दौड़ धूप का नतीजा था । चिल्की अपने प्ले स्कूल से निकलकर डे स्कूल में जाने लगी तो मेरा दोपहर का खाली समय क्रेश में इन बच्चों के साथ बीतने लगा। कुछेक दिन बाद ही मैंने देखा कि लगभग चालीस बच्चों की उस भीड़ में खूब बड़ी बड़ी चमकती आंखों वाले ये पांच - सात साल के दो बच्चे अलग ही दिखाई दे जाते थे । एक दिन बोर्ड पर देवनागरी के वर्णाक्षर लिखने के बाद मैंने रेशमा को अपने पास बुलाया और कहा - मैं जो जो अक्षर बोलूं , उसे ब्लैक बोर्ड पर लिख कर दिखाओ । मैंने कहा - क । उसने लिखा । कहा - ल । वह भी उसने ठीक लिखा । मैं बोलती गई । वह लिखती गई । उसकी मेधा पर मैं हतप्रभ थी । अब दूसरे बच्चे को बुलाया । वह दो अक्षर लिख कर ही बगलें झांकने लगा । दस बारह अक्षर और लिखवा चुकने के बाद मैंने रेशमा से पूछा - तुम्हें इतने कम दिनों में सब याद कैसे हो गया , इस बच्चे को और पूरी कक्षा को बताओ । उसने मेज पर पड़ा स्केल उठाया और मुंह से कम और हाथों के इंगित से ज़्यादा मशीन की तरह झट झट बोलती चली गई - क मंझे एक डंडा , इधर एक वाटी अणी गाय ची पूंछ । व मंझे एक डंडा अणी फक्कत एक वाटी । हर अक्षर का बाकायदा उसके पास हस्तअभिनय के साथ बताने के लिये एक चित्र था । ..... मैंने उसे अपने बैग से निकालकर एक बिस्किट का पैकेट और किटकैट चॉकलेट दी तो सबकी ओर एक गद्गद् निगाह डालकर वह इतराती हुई बैठ गई । सब बच्चों को मैंने कहा कि आप लोग भी रेशमा की तरह सब अक्षर ठीक लिखेंगे तो सबको चॉकलेट मिलेगी । पढ़ाई के एवज में दोपहर का खाना तो उनको मिलता ही था पर उसमें सिर्फ एक सब्जी ,दाल ,चावल और दही रहता , कभी कभी मिठाई का एक टुकड़ा भी , पर चॉकलेट उनके लिये बेशकीमती चीज़ थी जो अच्छा काम करने या पढ़ाई करने के पुरस्कार स्वरूप ही मिलती थी ।
खाने का ब्रेक होते ही कुछ बच्चे सबकी नज़र बचाकर दूसरे कमरे में मेरी मेज़ के इर्द गिर्द जैसे एक राज़ खोलने की कोशिश में पास आये - ‘‘ टीचर-टीचर , रेशमा का पप्पा न मूका है इसके लिये वो ऐसे-ऐसे हाथ से बात करती है ! ’’ बच्चों के स्वर में ईर्ष्या का पुट तो समझ में आ रहा था पर बात मेरी समझ में नहीं आई - ‘‘ मूका मतलब ?’’
-‘‘ मूका मतलब वो सुनता-बोलता नहीं । वो गूंगा है !’’
- ‘‘ अच्छा ? पर इसके लिये तो तुमलोगों को रेशमा और भीमा से और ज़्यादा मेल से , प्यार से रहना चाहिये , है न ? ..... चलो , जाकर खाना खाओ नहीं तो खाना खत्म हो जाएगा ! ’’
बच्चे अन्यमनस्क से सिर हिलाते चले गये और मैं सोच में पड़ गई । इतने छोटे बच्चों में भी एक सहपाठी की तारीफ से झट से उसे नीचा दिखाने का भाव आ गया जबकि वह सहानुभूति का पात्र था । उस शाम जब बच्चों की मांएं या पिता अपने अपने बच्चे को लेने आये तो मैंने रेशमा और भीमा की मां को ध्यान से देखा । इशारे से मैंने उसे बुलाया । उसके माथे पर एक भी सलवट नहीं और चेहरे पर एक अजब सा संतोष और सुकून का भाव था जो आम तौर पर मजदूरिनों के चेहरे पर कम ही दिखता है । वह घबराती हुई पास आई - ‘‘ रेशमा भीमा ने परेशान किया टीचर तुमको ?’’
‘‘ अरे नहीं , तुम्हारे बच्चे तो सबसे होशियार हैं पढ़ने में । ........ मुझे तुमसे यह पूछना था कि तुम्हारा मरद क्या ......... वह बोलता .... सुनता नहीं ? ’’ मैंने हिचकिचाहट से पूछा ।
‘‘ हां , व्वो ऐसाच है शुरु से ! ’’ उसने बग़ैर किसी हील हुज्जत के , मुस्कुराकर बताया ।
‘‘ पर तुम तो ठीक हो । ऐसे आदमी के साथ शादी कर दी तुम्हारे मां बाप ने ? ’’
‘‘ वो लोग नईं किया । मी स्वतः लगन केली ! ’’ वह उंगली में आंचल का सिरा लपेटते शरमाते हुए बोली - ‘‘ हमारा प्यार का शादी होता , टीचर !’’ और उसकी चमकती आंखें मेरे चेहरे पर टिक गईं ।
‘‘ अच्छा ! बहुत अच्छी बात है ! ’’ मैं शर्मिंदा सी हुई । अपनी झेंप को छिपाते बोली - ‘‘ कभी लेकर आना उसको ! वैसे तुम ..... मतलब ... वो अच्छा है न ..... खुश हो न ? ’’
‘‘ फार चांग्ला आहे ! टीचर ! ’’ वह उमग कर बोली ,‘‘ कब्भी दारू नईं , मार-पीट नईं , बीड़ी -तमाखू नईं , तीन पत्ती नईं ! बच्चे लोग को लेकर बैठने का टी वी के सामने । मेरे कू भोत मानता ! जो भी पका कर देगा , अच्छे से खाने का , कब्भी गुस्सा नई किया मेरे कू ! ’’ ..... और वह दोनों हाथ जोड़कर अभिवादन की मुद्रा में बोली - ‘‘ मी जाऊं ? ’’ रेशमा और भीमा अपना बस्ता संभाले मां के इर्द गिर्द आकर खड़े हो गये थे ।
0 0
गर्मी की छुट्टियां होने वाली थीं । स्कूल का आखिरी दिन था । बच्चों को लेने उनकी मां नहीं , उनका पप्पा आ गया । समय से पहले ही । वैसी ही बच्चों जैसी बड़ी बड़ी बोलती आंखें । मूका - जिसके कान और ज़बान का काम भी आंखें करती हैं इसलिये आंखें ज़्यादा सक्रिय और उजली दिखती हैं । हथेली से सिर ढकने की क्रिया और फिर माथे पर घने ताप का इशारा कर उसने समझा दिया कि उसकी औरत को तेज़ बुखार है , इसलिये वह इन्हें ले जाने आया है । वैसे तो खोली पास ही है , बच्चे खुद भी कूदते फांदते चले जा सकते हैं लेकिन उसने आज काम से छुट्टी ली । यूं भी दिहाड़ी का काम है । छुट्टी लेना मुश्किल नहीं है । उसकी औरत तो गार्डेन में कायम का काम करती है । उसका कार्ड बना हुआ है । महीने की पगार मिलती है । वैसे तो दस साल से वह भी इसी पुताई के काम में है पर काम पक्का नहीं । सबके कान्ट्रैक्ट के काम है । ठेकेदार को सस्ता पड़ता है । कोई जवाबदेही नहीं । जिम्मेदारी नहीं । दिहाड़ी का काम बीस के लिये , पीछे खड़े मजूर पचास । रोज दिन का तीन सौ । ये जितने टावर दिखाई देते हैं न , सबकी दीवारों पर उसके हाथों से रंग का ब्रश चला है । जो काम दूसरे मजूर आठ घंटे में करते हैं , वह पांच घंटे में कर देता है । जोखिम का काम तो है पर अब इतना हाथ सध गया है उसका , कि बांस पर एक पैर पर खड़ा हो सकता है - बताते हुए वह हंस दिया । इंगित में बात करने का शहंशाह था वह। जैसे किसी स्कूल में उंगलियों और आंखों के जरिये संवाद करने की बाक़ायदा ट्रेनिंग ली हो ! वह लगातार अपनी आंखों और उंगलियों से बोल रहा था और मैं अपनी समझ भर उसकी बात समझ ही रही थी । यह भी समझ पा रही थी कि कैसे इसकी बोलती आंखों ने एक खूबसूरत कोंकणी कन्या का दिल जीत लिया होगा । ऐसा जीवंत मूका कि उसे मूका कहना खलने लगा । लगा कि पांच दिन मेरे पास आकर इसने बात की तो मुझे भी मूक-बधिर संवाद कला में पारंगत बना देगा । वह जाने लगा तो मैंने उसके सिर पर हाथ रखा । गद्गद् होकर अपने दोनों बच्चों की उंगलियां थाम अपनी खास अदा में बतियाता वह चल दिया ।
0 0
छुट्टियों के बाद जब स्कूल खुला तो मैं तीन दिन देर से पहुंची । चूंकि मैं अवैतनिक स्वैच्छिक काम करती थी इसलिये स्कूल की शिक्षिकाओं पर लागू किये गये कायदे कानून से मैं बाहर थी । स्कूल पहुचते ही सुपरवाइज़र ने हादसे की खबर दी । बीस दिन पहले मूका चालीस मंजिल के नये टावर में काम करते हुए चैंतीसवें माले से गिर गया था और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई थी । मेरी धड़कन उस पल थम गई और कानों में बहरेपन की सीटियां सी गूंजने लगीं । मुझे अपने सुने हुए पर भरोसा नहीं हुआ । ऐसा हुआ कैसे ? वह तो अपने काम में पारंगत था , फिर ऐसी चूक ? उसने बताया कि पुताई का काम खत्म हो चुका था , बंधे हुए बांस उतारे जा रहे थे । ऊपर से नीचे तक उतारे जाते बांस में से एक बांस ऊपर वाले मजदूर के हाथ से फिसल कर गिरा । वह चिल्लाया भी पर मूका सुन नहीं सकता था । बांस उसके सिर पर चोट करता हुआ नीचे जा पड़ा और मूका इस अप्रत्याशित चोट से संतुलन खो बैठा । उसके बाद की घटनायें और ज़्यादा परेशान करने वाली थीं । ठेकेदार ने मुआवज़ा देने से मना कर दिया और तैश में आकर कहा - हर मजदूर को सेफ्टी बेल्ट दी जाती है पर वे पहनते नहीं क्योंकि जाहिल हैं , आलसी हैं , पहनने उतारने का झंझट कौन करे ! जान गंवाने पर उनके रिष्तेदार मुआवजे के लिये हमारी गरदन पकड़ लेते हैं , इसलिये हम काम पर लगने से पहले इनसे सुरक्षा फॉर्म पर साइन करवा लेते हैं। उसने अंगूठा लगे हुए कागज़ सामने रख दिये । बात रफा दफा हो गई।
तब तक प्रतिमा दी आकर मुझे अपने केबिन में ले गईं । मुझे परेशान देखकर पहले पानी का गिलास थमाया । बोलीं - ‘‘ यह लड़ाई अब हम सबकी है । उसे अपना हक़ दिलाना हम सब का फ़र्ज़ है । हमलोगों ने किसी तरह मूका की औरत और बच्चों को समझा-बुझा कर यहां रोक रखा है वर्ना वह दोनों बच्चों को लेकर अपने भाई के पास गांव जाना चाहती थी । ठेकेदार झूठ बोलता है । आलस की वजह से ये मजदूर बेल्ट नहीं पहनते , यह सच नहीं है । सेफ्टी बेल्ट ये मजदूर इसलिये नहीं पहनते कि बांसों को उतारते समय हर दो मिनट में तो उनकी पोज़ीशन बदलती है , ऊपर की कतार के बांस उतर गये तो उन्हें नीचे वाली कतार पर जाना पड़ता है । कभी देखा है पुताई के बाद इन्हें बांस उतारते ? कुछ मजदूर रस्सी खोल रहे होते हैं और कुछ एक के बाद एक बांस पकड़ाते जाते हैं , मशीन की तरह बांसों को ऊपर से दायें हाथ से पकड़ने और बायें हाथ से खड़े बांस को घेर कर दोनों हाथों से नीचे खड़े मजदूर के हाथ में थमाते हुए उतारने का सिलसिला जारी रहता है । एक बांस नीचे उतारा नहीं कि दूसरा सिर पे खड़ा । हर पल चैकन्ना रहना पड़ता है । सुस्ताने को एक पल नहीं मिलता इन्हें । और एक दिन में जितना एरिया खाली करना पड़ता है , वह खाली न हो तो दिहाड़ी मजदूर की पगार में कटौती कर ली जाती है । ऐसे में वह क्या करेगा ? काम करेगा या सेफ्टी बेल्ट बांधता खोलता रहेगा जिससे उससे काम की त्वरा में व्यवधान पड़ता है । बेपढ़े लिखे मजदूरों से बारीक बारीक रोमन अक्षरों में लिखे हुए मसविदे पर अंगूठा लगवा लेना कौन सा मुश्किल काम है ! उसे तो दिन भर की मशक्कत के बाद बस , तीन सौ रुपये अंटी में आने भर से मतलब होता है । सरकस के जोकर की तरह ,जान को जोखिम में डालकर ,वे बांसों के साथ कलाबाजी करते रहते हैं । पर सरकस में तो सुरक्षा के लिये नीचे जाल बिछा होता है , यहां तो सीमेंट कंक्रीट की ऐसी लोहे सी ज़मीन है कि पचास किलो का वज़न धुर छत से गिरे तो भी ज़मीन पर एक तरेड़ नहीं पड़ती। ऐसे में एक ज़िन्दगी की कीमत कितनी ? बस , फॉर्म पर लगाया एक अंगूठा । हमने एडवोकेट रुखसाना से बात की है। उन्होंने केस दर्ज़ कर दिया है।
कक्षा में पहुंचते ही माहौल में अजीब सा भारीपन महसूस हुआ । रेषमा और भीमा मुझसे नज़रें चुरा रहे थे और आंखें ज़मीन पर गड़ा कर बैठे थे । मैं उनके पास गई और उन्हें जैसे ही छुआ , वे मुझसे लिपट कर जोर जोर से रोने लगे । उनके रोने का सुर तेज़ होते होते पप्पा और आई की गुहार में बदल गया । मैंने दोनों बच्चों को अपने साथ घर ले आने की इजाज़त मांगी तो प्रतिमा दी ने कहा - ‘‘ज़रूर ले जाओ , इनका मन भी बहल जाएगा।’’
0 0
घर लौटकर मैंने शोभाबाई को मूका के बारे में बताया तो वो कहने लगी -‘‘ ये तो मेरे कू मालूम है , भोत श्याना कारीगर था । पण उसका बच्चा लोक आपका बालवाड़ी में पढ़ता है , ये नईं मालूम था । ’’ रेशमा और भीमा पहले तो घर को अंाखें चैड़ी करके देखते रहे पर जैसे ही षोभाबाई ने उनकी भाशा में उनसे बातचीत की तो वे कुछ सहज हो गये । उनको बड़े प्यार से अपने पास बिठाकर खाना भी खिलाया पर वे ऐसे सकुचाते हुए मुंह में कौर डालते रहे जैसे चुराई हुई चीज़ को छिपा रहे हों । चिल्की खुश हुई कि उसके साथ खेलने के लिये दो बच्चे अब उसके साथ थे । दोनों इतने षांत और डरे सहमे से थे कि उनको सहज करने के लिये वह अपने खिलौनों का पूरा खजा़ना निकाल लाई । उसे मालूम था कि ये चीज़े इन्होंने पहले कभी देखी नहीं हैं । वे अकबकाये से उन्हें पहले दूर से , फिर छू-छू कर देखते रहे ।
0 0
उधर स्कूल में प्रतिमा दी और कई कार्यकर्ताएं मिलकर मुआवज़े की लड़ाई लड़ रही थीं । मैं कभी कभी स्कूल से बच्चों को अपने घर ले आती । चिल्की को रेशमा का साथ मिल गया था जो उसकी उम्र की ही थी पर उससे दुबली थी । एक दिन चिल्की ने अपनी एक फ्रॉक निकालकर रेशमा को पहना दी और मैं जब दोपहर की झपकी लेकर उठी तो देखा रेशमा पीठ कर मेरे सामने खड़ी है और चिल्की हंस रही है - ‘‘ दादी बताओ , ये कौन है ?’’
मैंने कहा -‘‘ वाह , तूने तो रेशमा को चिल्की बना दिया ! ’’
चिल्की ने कहा - ‘‘ मैं इसकी ‘तप्पू हूं और ये मेरी ‘इचकी’! ....पर हम लड़ते नहीं उन लोगों की तरह !’’
वह ‘उतरन’ सीरियल की बात कर रही थी । कभी कभी उसकी मां भी रात को आकर यह धारावाहिक देखती और बच्चों को साथ ले जाती । यह उनकी पसंद का धारावाहिक था ।
0 0
चिल्की को अब अच्छा लगने लगा था । दरअसल मुंबई के बड़े टावर में रहने का निर्णय हमने इसलिये लिया था कि वह अपने हमउम्र बच्चों के साथ खेलेगी , अपने हमउम्र साथियों में मुतमइन रहेंगी और खाली वक्त उसे परेशान नहीं करेगा । यही सोचकर इस इक्कीस मंजिला इमारत में बेटे ने उन्नीसवें माले पर घर ले लिया था पर चिल्की को हमउम्र बच्चों का साथ यहां भी नहीं मिल पाया था । अधिकांश फ्लैट में अधेड़ दंपति थे जिनके बच्चों ने उन्हें रहने के लिये यह दो तीन बेडरूम वाला राजसी फ्लैट ले दिया था और अपनी ज़िम्मेदारी से मुक्त हो गये थे । कुछेक युवा दंपति ज़रूर थे इस इमारत में , पर उनमें से अधिकांश ने बच्चों को पंचगनी या ऋशि वैली के हॉस्टल में डाल रखा था और वे सिर्फ छुट्टियों के मौसम में इस टावर में दिखाई देते थे । चिल्की को बोर्डिंग में जाना रास नहीं आया था । वहां सब बच्चे उससे ममी के बारे में पूछते और जब वह बताती कि उसकी ममी अमेरिका में नौकरी करती है तो वे झट से कहते - ‘‘ तो तुम्हारे भी ममी पापा साथ नहीं रहते ? दोनों में तलाक हो गया है क्या ? ’’ हॉस्टल में ऐसे बच्चों की तादाद ज़्यादा थी जिनके ममी पापा अलग रहते थे। कच्ची उम्र में ऐसे जुमलों से उसे बचाने के लिये मैंने और मेरे बेटे ने सोचा था कि उसे परेषान करने वाले सवालों से जब तक संभव हो सके , दूर ही रखा जाना चाहिये ।
0 0
एक दिन मैं लौटी तो चिल्की दौड़ती हुई मेरे पास आई - बताओ दादी , मेरे हाथ में क्या है ? उसने दोनों मुट्ठियां कस कर बंधी हुई थीं कि मुट्ठियों में क़ैद चीज़ मुझे दिख न जाये । मैं क्या कयास लगा पाती भला ! मैंने कहा – चॉकलेट ? ऊं हूं ! जेम्स ? ऊं हूं ! मोती ? ऊं हूं ! टॉफीज़ ? ओफ्फोह ! बुद्धू दादी ! देखो ! बेसब्र सी चिल्की ने दोनों मुट्ठियां खोल दीं । उसमें एक हथेली में सुनहरी चमकती गोलियों जैसा कुछ था और दूसरे में रूपहली गोलियां ! मैंने दो तीन दाने उठाये और सूंघने लगी । - ‘‘ ओफ्फोह दादी , ये सूंघने और खाने की नहीं , खेलने की चीज़ है !’’ चिल्की खीझी ।
‘‘ अच्छा ? ’’ मैंने हैरानी ज़ाहिर की -‘‘ कहां से आईं ? ’’
‘‘ ये ना ‘‘मणि’’ हैं , इसको मणि कहते हैं , इसमें छेद करके धागे में डालकर गले में इसकी माला भी पहन सकते हैं ’’ चिल्की मुझे दादी अम्मा की तरह समझा रही थी - ‘‘ और ये ना ..... रेशमा ने बनाईं । कचरे के डिब्बे में कल सारे चॉकलेट्स के रैपर्स पड़े थे न , उनको गोल गोल करके ऐसे ऐसे बना दिया और और देखो ......’’ वह मुझे घसीटती हुई रसोई की ओर ले गई । रसोई के साथ लगे स्टोर रूम की दीवार में खाली डिब्बों को गिफ्ट रैपिंग पेपर्स से लपेट कर एक के ऊपर एक सजा कर उनका घर बना रखा था । एक प्लेट में ये मणियां सजा रखी थीं । एक लंबी सी ट्रे में पानी डालकर स्विमिंग पूल बनाया गया था , उसके किनारे किनारे डॉमिनोज़ पित्ज़ा के डिब्बे में आने वाली प्लास्टिक की छोटी छोटी तिपहिया मेज़ों को सजा रखा था । टूथपिक्स को जोड़कर पेड़ के तने का आकार दिया था । उसके ऊपर छींटदार कपड़ों की कतरनों की भी सजावट कर रखी थी । मैं देखती रह गई । चिल्की मेरे चेहरे पर कौतुक देख तालियां बजाकर हंस रही थी -‘‘ देखा दादी , कितना सुंदर घर बनाया है !’’
- ‘‘पर किसने ? रेशमा ने ?’’
- ‘‘हां दादी , रेशमा ने और मैंने ! अच्छा है न !’’ चिल्की की आवाज़ में खुशी छलकी पड़ रही थी । वह अपने जन्मदिन पर मिले तोहफों को खोलते समय भी इतनी खुश नहीं हुई थी जितना उसके फेंके गये गिफ्ट पेपर और चैकलेट के रैपरों से बने इस अनोखे सजे घर को देखकर हो रही थी ।
- ‘‘ बहुत सुंदर ! शाबाश ! ’’ मैंने रेशमा के गाल पर प्यार से चिकोटी काटी और दोनों लड़कियों की कारीगरी पर निहाल होती रही । लड़कियों की रगों में जन्म से ही यह साज संभाल होती है । टूटी फूटी और कचरे में फेंकने वाली चीज़ों से भी सजाने संवारने का संस्कार अपने आप पैदा हो जाता है । यह ज़रूर रेशमा की कारीगरी थी जो चिल्की को भी लुभा रही थी और इसलिये वह इसे बनाने का श्रेय छोड़ना नहीं चाह रही थी ।
0 0
हमेषा की तरह एक दिन अपने साथ रेशमा और भीमा को लेकर मैं आ रही थी कि वॉचमैन ने सोसायटी के सेक्रेटरी का संदेश दिया कि उन्होंने मुझे सोसायटी ऑफिस में बुलाया है। अर्जेन्ट मीटिंग है । सिर्फ पांच मिनट के लिये आ जायें । मैंने सोचा - हमेशा की तरह लीेकेज का मामला होगा । ऐसे टावरों में - जिस फ्लैट के बाथरूम या किचन में पानी का रिसाव होता है , वह अपने ऊपर के तमाम वाशिंदों को कोसने लगता है । बच्चों को षोभाबाई के पास छोड़कर नीचे गई तो देखा , वहां तीन कमेटी मेम्बर और बैठे हुए थे । मेरे अंदर आते ही सबने एक दूसरे की ओर देखा जैसे तय नहीं कर पा रहे कि किसको बात शुरु करनी है । मैंने उनका असमंजस देख कर पूछा - ‘‘ क्या बात है , कुछ खास ..... ?’’
‘‘ जी ,देखिये मैडम ! ’’ मिस्टर मलकानी बड़े सधे सुर में बोले - ‘‘ आपको तो मालूम है कि हमारा टावर सबसे पहला टावर है ! दूसरे सभी टावरों में तीन तीन लिफ्ट हैं जिनमें से एक सर्विस लिफ्ट है । लेकिन हमारे टावर में अब तक दो ही लिफ्ट हैं । सभी इसी में आते-जाते हैं । ’’
‘‘ हां , तो .....? ’’ बात का सिरा मेरी पकड़ में नहीं आ रहा था ।
‘‘आप मोबाइल क्रेश में काम करती हैं , अच्छी बात है। हमें बहुत अच्छा लगता है कि आप गरीब बच्चों के लिये कुछ कर रही हैं । आप ज़रूर करें । पर ऐसा है कि कामगारों के पढ़ने वाले बच्चे बार बार आपके घर आते-जाते हैं , यह दूसरे लोगों को ठीक नहीं लगता । हम काफी वक्त से तीसरी सर्विस लिफ्ट की प्लैनिंग कर रहे हैं ताकि काम वाली बाइयां , स्टोर से सामान लाने वाले लड़के , कुरियर ब्वॉयज़ और सामान लाने - ले जाने वाले मजदूरों के लिये अलग बंदोबस्त करवाया जा सके । लेकिन जब तक वह लिफ्ट नहीं बनतीं , आप स्कूल तक ही अपना सोशल वर्क रखें , उसे घर पर लेकर न आयें । प्लीज़ बुरा न मानें पर यहां रहने वालों को दिक्कत होती है । आप समझेंगी शायद !’’
‘‘ सॉरी मिस्टर मलकानी ! बच्चे बिल्कुल साफ सुथरे हैं , सलीके से रहते हैं , साफ कपड़े पहनते हैं , किसी से बेअदबी नहीं करते , आप लोगों को उनसे क्या परेशानी है ? ’’ मैं अपना आपा खो रही थी ।
‘‘ मैडम , आप तो बुरा मान गईं । माफ कीजिये , साफ कपड़े देकर आप षक्ल सूरत तो नहीं बदल सकतीं । आप अपनी पोती को बाहर उनके साथ खेलने के लिये ले जाइये , लेकिन बार बार उन्हें यहां लाती हैं , कई लोग हमसे शिकायत कर चुके हैं । हमने सबको प्रॉमिस किया है कि हम आपसे रिक्वेस्ट करेंगे । आप अगर इसे बढ़ाना चाहती हैं तो अगले महीने , ए.जी.एम. में इस मुद्दे पर बात करेंगे । ..... आप जैसा ठीक समझें । ’’
मैं अपमानित महसूस कर रही थी । इसके बावजूद मैंने आश्वासन दिया कि मैं आगे से खयाल रखूंगी । उस दिन के बाद से चिल्की को रेशमा से मिलवाने कभी अपने स्कूल ले जाती , कभी गार्डेन । लगा कि अपनी लिफ्ट में चढ़ते हुए मुझे अपने को ही नहीं , उन बच्चों को अपमानित करने का भी कोई हक नहीं था ।
0 0
रानी मधुमक्खी कमरे से बाहर जा चुकी थी । मैं अपने हाथ का सारा सामान भीतर रखकर , हाथ मुंह धोकर बाहर आई तो सुना , शोभा उसे किस्से कहानी सुना रही थी और चिल्की बड़े ध्यान से दोनों हथेलियों में सिर टिकाये सुन रही थी -‘‘ सच्ची , ये मक्खी कैसे इतना सारा शहद जमा करेगी , इसका मुंह तो इतना छोटा है !’’
शोभा ताई बड़े इत्मीनान से उसे बता रही थी - कैसे यह पूरा इलाका पहले जंगल था और यहां पेड़ ही पेड़ थे , आम के पेड़ों का मीलों तक फैला बागान , किस्म किस्म के पेड़ और उन पेड़ों पर हजारों चिड़ियों तोतों का बसेरा । जहां अब हम रहते हैं न , यहां पहले ये मक्खियां , रंगबिरंगी चिड़ियां , तितलियां , सांप , चीते और सामने दिखते लेक में मगरमच्छ रहते थे । उन्हीं का बसेरा था यह इलाका । रात रात को आराम से घूमते टहलते थे । तब रात को इस रास्ते कोई आता जाता नहीं था । कोई शेर चीता पकड़ के खा जाएगा तो ?
‘‘ यू मीन टाइगर , ताई ? खा जाता है आदमी को ?’’ चिल्की पूछ रही थी ।
‘‘ अब नहीं खाता ! अब तो कोई शेर , चीता भूले भटके आ जाता है तो उसके छिपने के लिये पेड़ और जंगल कहां रहे , अब तो वो मार दिया जाता है ! पेपर में पढ़ते हैं न ! आज शेर को मारा , मगरमच्छ को मारा । पुराना जंगल समझकर ग़लती से बाहर निकल आया था । मर गया ! सांप तो रोज़ ही मारे जाते हैं । ’’ उसे कहानियां सुनाते छोड़ मैं आकर अपने कमरे में लेट गई ।
0 0
शाम को मैं लेटी ही थी कि घंटी बजी । शोभाबाई ने दरवाज़ा खोल दिया होगा । दरवाज़ा बंद होने की आवाज़ के साथ साथ शोभाबाई मेरे कमरे का दरवाज़ा खटखटा रही थी । अंदर आकर उसने खिड़कियों के पल्ले सरकाकर बंद किये और उन्हें हिलाकर आश्वस्त हो गई कि वे लाॅक हो गये हैं । क्या बात है ? पूछने से पहले ही वह बोली - ‘‘ ऊपर छत्ता तोड़ने वाला घाटी लोग आया , बोला - तोड़ेंगा तो सब मक्खी उडे़गा , इसके लिये दरवाजा जाली सब बंद करने का !’’
‘‘ बिल्डिंग में छत्ताा ? ’’ मैं हैरान थी ।
इंटरकॉम सामने था और पूरी बिल्डिंग के सभी रिहायशियों का सम्पर्क नम्बर भी । मैंने इक्कीसवें फ्लोर पर फोन मिलाया - ‘‘ मिसेज़ रमानी ! क्या आपके घर के बाहर मधुमक्खी का छत्ताा तोड़ा जा रहा है ? ’’ उसने हड़बड़ाकर कहा - ‘‘ हां , सैकड़ों मक्खियां जब देखो तो बैठी रहती हैं , भिन भिन करती हैं । इन लोगों को बुलाया है। सिर मुंह पर कपड़ा बांध रहे हैं अभी ! आप अपनी सारी खिड़कियां बंद कर लो । मैंने सारे लोगों को फोन लगाने को नीचे सिक्योरिटी में कह दिया है । आप उन्नीसवें पर हो , आपको तो खास एहतियात बरतनी पड़ेगी । ’’
‘‘ हां , वो तो बंद कर लिया है पर घर के बाहर की दीवार पर इतना बड़ा छत्ताा बन कैसे गया ? ’’
‘‘ अब क्या बताऊं आंटी ! रोमिल का कमरा है न ! साल हो गया । उसने कभी परदा ही नहीं खोला । जितनी देर घर में रहता है , ए.सी. चलता रहता है । बाहर देखा ही नहीं । वो तो छत्ताा पूरी दीवार जितना बड़ा होने के बाद जब दरवाज़े के कांच पर दिखने लगा , फिर समझ में आया कि क्या आफत आ गई है । खैर जी , आप दरवाज़े बंद कर लेना आंटी ! बाद में कोई कहे ना कि हमें बताया नहीं । ’’
कुछ ही देर बाद बीसवें फ्लोर पर घर्र सी आवाज़ के साथ ड्रिल मशीन जैसे चलनी शुरु हो गई । इस आवाज़ ने फिर वातावरण की
शांति में खलल पैदा किया । रईस औरतों के लिये जैसे कहा जाता है कि उन्हें जब कोई काम धाम नहीं होता तो गहने तुड़वाने , गहने बनवाने लग जाती हैं , वैसे ही इन टावरों के नव धनाढ्य लोगों के लिये भी कहा जा सकता है कि वे फर्श तुड़वाते , फर्श बनवाते रहते हैं । जब काला पैसा छिपाने के लिये जगह कम पड़ जाती है तो वे बाथरूम की टाइलें या बैठक के फ़र्श की पुरानी टाइलें तुड़वाकर नई डिज़ाइनर टाइलें लगवाने पर आमादा हो जाते हैं । इसे झेलना पड़ता है हम जैसे लोगों को , जो बिल्डर की दी हुई दीवारों और फ़र्ष को एक नियामत मानकर उसमें ज़रा सा भी फेरबदल करना गवारा नहीं करते इसलिये दूसरों के घर चलती धूम-धड़ाम ,उठा-पटक , तोड़-फोड़ और उससे पैदा होते षोर के प्रदूषण से हलकान होते रहते हैं । कई बार पड़ोसनें आकर मेरे नुमाइशी फ्लैट के बारे में यह तंजिया ऐलान कर चुकी थीं कि बिल्डर ने कैसी दीवारें और फलोरिंग बनवा कर दी थी , इसे देखना हो तो आंटी का एंटीक हाउस पेशे खिदमत है !
आधे घंटे में फिर शोभा हाज़िर थी -‘‘वो कारीगर लोग आया हय , पूछता हय - ताज़ा ‘मध’ खरीदने का क्या ? सस्ता रेट पर देंगा । बाज़ार में कितना भी किम्मत पर अइसा असल ‘मध’ मिलेंगाच नेई ।
मैं दरवाज़े तक गई तो देखा दो पहलवान नुमा आदमी हाथ में शहद की भरी बाल्टियां लिये खड़े थे - ‘‘ मैडम , जल्दी बोलो , लेने का होएंगा तो ! एकदम शुद्ध मधु । बाहर मिलेंगाच नेई ! ’’
मैंने देखा - शहद से तर ब तर दो बाल्टियां । मैंने कहा -‘‘ जिनके घर में यह छत्ताा तोड़ा , उनको नहीं दिया ? ’’
-‘‘ दिया ना मैडम ! चार किलो लिया वो लोग । आपको लेने का है तो भाव करो !’’
मैंने पूछा - ‘‘ इतना सारा षहद एक छत्ते से निकला ?’’
- ‘‘ एक कायकू । तीन छत्ताा साफ करके आया । बाजू वाला बिल्डिंग में भी होता ! लेना है तो बोलो नहीं तो .....’’
देखूं । मैं कुछ आगे आई । और बाल्टी में देखा तो शहद की ऊपरी तह पर कई मक्खियां दिखीं ।
मैं पीछे हट गई -‘‘ इसमें तो मक्खियां मरी हुई हैं । ’’
-‘‘ मध में से मक्खी नहीं तो क्या तितली जुगनू मिलेगा ? छत्ते से मध निकालेंगा तो सब तो भागता नहीं न ! दस बीस तो पकड़ कर रखता है न मध को । वो ही तो जमा करता है । टाइम खोटी करने का नेई आंटी । तीन सौ रुप्या किलो दिया ! लेने का है तो बोलो ! ’’
शोभाबाई मेरे पीछे खड़ी बोल रही थी - ‘‘ ले लो ममी जी ! चालनी से छान के बाटली में भर के गरम पानी में रखेंगा तो साफ हो जाएगा ।’’
पर बाल्टियों मे भरा शहद और उसके ऊपर अपनी शहादत देती मक्खियां मुझे अजीब सी बेचैनी से भर रही थीं । मैंने जैसे ही ‘‘ना’’ में सिर हिलाया , वो खीझते-बड़बड़ाते हुए निकल गये - ‘‘ आंटी , सोना चांदी च्यवनप्राश खरीदो , इसका किम्मत नईं समझेंगा तुम लोग !’’
वे सीढ़ियां उतर गये तो मैंने राहत की सांस ली ।
0 0
चिल्की की शोभाताई अपनी लाड़ली चिल्की को जूते मोजे पहनाकर तैयार कर रही थी ।
‘‘ चल चिल्की बेटा , आज तुझे मैं गार्डेन में ले जाती हूं । .. .. स्लाइड करेगी न ! ’’
‘‘ वहां रेशमा भीमा आयेंगे न ? ’’ चिल्की की आवाज़ में चहक थी ।
‘‘ हां - हां ! ’’ मैंने चिल्की को आश्वासन देती अपनी आवाज़ को खोखला पाया ।
‘‘ चलो !’’ तब तक चिल्की दरवाज़े के पास आकर प्रस्थान की मुद्रा में आ गई थी ,‘‘बा--य , शोभा ताई , मी आज्जी संग जाती ! ’’ चिल्की ने शोभाताई तक अपनी गुहार पहुंचाई और फुदकते हुए नीचे जाने के लिये लिफ्ट का बटन दबा दिया ।
छोटे दरवाज़े से निकलकर गार्डेन की ओर जाने वाले रास्ते की ओर मैं बढ़ रही थी तो चिल्की ने झट से मेरी उंगलियों को अपनी मुट्ठी में थाम लिया । यह अपने सहारे के लिये नहीं , मुझे सहारा देने के लिये था । एक बार मैं ढलान पर थोड़ा लड़खड़ाई थी , तब से वह छह साल की बच्ची , बाहर सड़क पर आते ही , मुझे संभालना अपनी जिम्मेदारी समझती थी ।
अभी हम पांच कदम चले ही थे कि हमारे कदम यक ब यक थम गये । सामने के पूरे रास्ते पर हज़ारों मक्खियां बिछी पड़ी थीं । मृत । बेजान । निश्चेष्ट । दूर कोने से एक स्वीपर मोटे झाड़ू से उन्हें बुहार रहा था । हवा में अब भी छितरायी गई गैस की गंध थी । तो वह ड्रिल मशीन नहीं थी जो बीसवें फ्लोर पर चल रही थी । वह फ़्यूमिगेटर था , जिसने इक्कीसवें माले पर मधुमक्खी का छत्ताा छेड़ने वाले खास कारीगरों के मक्खियों को हंकालने के बाद आक्रमण से तितर बितर हुई और नीचे-ऊपर की ओर भागती हुई मक्खियों को बीसवें फ्लोर से अपने उपकरण के जरिये जहरीली गैस से खात्मा कर हमेशा के लिये शांत कर दिया था । यह एक सुनियोजित मिशन था जिसके तहत मक्खियां अपने महीनों के बुने हुए छत्ते और जमा किये गये शहद के प्राकृतिक खजाने से बेदखल कर दी गई थीं ।
मेरे पैर थमे और मैं पीछे मुड़ने को हुई । मेरी उंगलियों पर चिल्की की मुट्ठी की पकड़ पहले ढीली होती महसूस हुई , फिर छूटी और वह मूर्तिवत खड़ी रह गई । उसका शरीर जैसे एक कंपकंपी से हिलकने लगा और कुछ सेकेंड बाद ही वह सुबक सुबक कर रो रही थी । मैंने उसके कंधे पर हाथ रखा तो मेरी ओर उसने ऐसी कातर नज़रों से देखा जैसे कहती हो - दादी , इतनी सुंदर मक्खियों को किसने इतनी बेरहमी से मारा ? दादी , इन्हें मर क्यों जाने दिया ? क्यों ?
चिल्की की मूक आंखों में सवाल था पर उसने कुछ नहीं पूछा । मेरे पास कोई जवाब था भी नहीं । गार्डेन में मूका के दोनों बच्चे रेशमा और भीमा इंतज़ार कर रहे थे । उनके और हमारे बीच रानी मधुमक्खियों की पूरी सेना ध्वस्त पड़ी थी । उनकी दो बारीक काली नोक जैसी मूंछें किसी लोहे की काली तारों की तरह खिंची हुई थीं । उड़ते हुए सुनहरे पारदर्शी पंख अब अंदर की ओर सिकुड़ कर किसी प्लास्टिक की तरह अकड़े हुए थे । कुछ ही मिनटों बाद , कभी आसमान की थाह लेने वाले और अब बेजान बना डाले गये , इन सुनहरे पंखों का ढेर , पार्क के किनारे किनारे बनाये गये ,हरे रंग के खूबसूरत डस्टबिन में बिछे चिकने काले प्लास्टिक के गारबेज बैग में होगा और हम साफ सुथरी सड़क पर बड़े आराम से चल रहे होंगे !
0 0
1702 , सॉलिटेअर , डेल्फी के सामने , हीरानंदानी गार्डेन्स , पवई , मुंबई - 400 076
फोन - 022 4005 7872 / 090043 87272
-0-0-0-

सुधा अरोड़ा

जन्म - अविभाजित लाहौर ( अब पश्चिमी पाकिस्तान ) में 4 अक्टूबर 1946 को जन्म हुआ । 1947 में लाहौर से कलकत्ता आना हुआ और फिर स्कूल से लेकर एम.ए. तक की शिक्षा कलकत्ता में ही हुई ।

शिक्षा - 1962 में श्री शिक्षायतन स्कूल से प्रथम श्रेणी में हायर सेकेण्डरी पास की । 1965 में श्री शिक्षायतन कॉलेज से बी.ए.ऑनर्स और 1967 में कलकत्ता विश्वविद्यालय से एम.ए. (हिन्दी साहित्य ) किया। दोनों बार गोल्ड मेडलिस्ट। पहली लिखित कहानी ‘एक सेंटीमेंटल डायरी की मौत‘ सारिका मार्च 1966 में प्रकाशित। पहली प्रकाशित कहानी ‘मरी हुई चीज़’ ज्ञानोदय सितम्बर 1965 में ।
1967 में छात्र जीवन में ही प्रथम कहानी संग्रह ‘ बगैर तराशे हुए ’ का प्रकाशन हुआ।

कार्यक्षेत्र -
1965 -1967 तक कलकत्ता विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘‘प्रक्रिया’’ का संपादन .
1969 से 1971 तक कलकत्ता के दो डिग्री कॉलेजों -- श्री शिक्षायतन और आशुतोश कॉलेज के प्रातःकालीन महिला विभाग जोगमाया देवी कॉलेज में अध्यापन .
1977 - 1978 के दौरान कमलेश्वर के संपादन में कथायात्रा में संपादन सहयोग.
1993 - 1999 तक महिला संगठन ‘‘हेल्प’’ से संबद्ध.

कहानी संग्रह -
*बगैर तराशे हुए (1967)
*यु़द्धविराम (1977) - छह लंबी कहानियां
*महानगर की मैथिली ( 1987 )
*काला शुक्रवार ( 2004 )
*कांसे का गिलास ( 2004 ) - पांच लंबी कहानियां
*मेरी तेरह कहानियां ( 2005 )
*रहोगी तुम वही ( 2007 )
*21 श्रेष्ठ कहानियां ( 2009 )
*एक औरत: तीन बटा चार ( 2011 )

उपन्यास
यहीं कहीं था घर (2010)
स्त्री विमर्श
* आम औरत: ज़िन्दा सवाल ‘ (2008)
* एक औरत की नोटबुक (2010)
* औरत की दुनिया: जंग जारी है .... आत्मसंघर्ष कथाएं ( शीघ्र प्रकाश्य )
* औरत की दुनिया: हमारी विरासत: पिछली पीढ़ी की औरतें ..........

कविता संकलन -
* रचेंगे हम साझा इतिहास ( 2012 )

एकांकी
ऑड मैन आउट उर्फ बिरादरी बाहर (2011)

संपादन -
* औरत की कहानी (2008)
* भारतीय महिला कलाकारों के आत्मकथ्यों के दो संकलन-‘दहलीज़ को लांघते हुए‘ और ’पंखों की उड़ान‘.
* मन्नू भंडारी: सृजन के शिखर ( 2010 )
* मन्नू भंडारी का रचनात्मक अवदान ( 2012 )
अनुवाद -
* कहानियां लगभग सभी भारतीय भाषाओं के अतिरिक्त अंग्रेजी, फ्रेंच, पोलिश, चेक, जापानी, डच, जर्मन, इतालवी तथा ताजिकी भाषाओं में अनूदित और इन भाषाओं के संकलनों में प्रकाशित ।
* रहोगी तुम वही ( 2008 - उर्दू भाषा में )
* उंबरठ्याच्या अल्याड पल्याड ( 2012 -स्त्री विमर्श पर आलेखों का संकलन मराठी भाषा में )

टेलीफिल्म -
‘युद्धविराम’, ‘दहलीज़ पर संवाद’, ‘इतिहास दोहराता है’ तथा ‘जानकीनामा’ पर दूरदर्शन द्वारा लघु फिल्में निर्मित. दूरदर्शन के ‘समांतर’ कार्यक्रम के लिए कुछ लघु फिल्मों का निर्माण. फिल्म पटकथाओं (पटकथा-बवंडर), टी. वी. धारावाहिक और कई रेडियो नाटकों का लेखन।

साक्षात्कार -
उर्दू की प्रख्यात लेखिका इस्मत चुग़ताई, बंाग्ला की सम्मानित लेखिका सामाजिक कार्यकर्ता महाश्वेता देवी (नलिनी सिंह के कार्यक्रम ‘सच की परछाइयां ’ के लिए) हिन्दी की प्रतिष्ठित लेखिका मन्नू भंडारी, लेखक भीष्म साहनी, राजेंद्र यादव, नाटककार लक्ष्मीनारायण लाल आदि रचनाकारों का कोलकाता दूरदर्शन के लिए साक्षात्कार।

स्तंभ लेखन -
* सन् 1977-78 में पाक्षिक ‘सारिका’ में ‘आम आदमी: जिन्दा सवाल’ का नियमित लेखन
* सन् 1996-97 में महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर एक वर्ष दैनिक अखबार ’जनसत्ता‘ में साप्ताहिक कॉलम ’वामा ‘ महिलाओं के बीच काफी लोकप्रिय रहा।
* मार्च सन् 2004 से मार्च 2009 तक मासिक पत्रिका ‘कथादेश’ में ‘औरत की दुनिया’ स्तंभ बहुचर्चित।

सम्मान -

उत्तार प्रदेश हिन्दी संस्थान द्वारा 1978 में विशेष पुरस्कार से सम्मानित।
सन् 2008 का साहित्य क्षेत्र का भारत निर्माण सम्मान , प्रियदर्शिनी सम्मान तथा अन्य ।

सम्पर्क: 1702 ,सॉलिटेअर, हीरानंदानी गार्डेन्स, पवई, मुंबई - 400 076.

फोन नं. 022 4005 7872 / 097574 94505

E- mail : sudhaarora@gmail.com / sudhaaroraa@gmail.com